CM योगी का पोस्टर जलाने पर मेरठ पुलिस की कार्रवाई, 13 के खिलाफ FIR; गिरफ्तारी के लिए 4 टीमें गठित

HIGHLIGHTS
- मेरठ के कमिश्नरी चौराहे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पोस्टर जलाया गया।
- पोस्टर जलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद FIR दर्ज की गई।
- अधिवक्ता अनिल वर्मा और 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई है।
मेरठ: कमिश्नरी चौराहे पर सपा अधिवक्ता सभा से जुड़े नेताओं ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पोस्टर जलाकर विरोध जताया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एसपी सिटी के निर्देश पर सिविल लाइन थाने में अधिवक्ता अनिल वर्मा और 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने चार टीमें गठित की हैं, जो दबिश दे रही हैं।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ कथित तौर पर साजिश के तहत होर्डिंग लगाए जाने के विरोध में जगह-जगह सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं का हंगामा जारी है। सपा विधायक अतुल प्रधान, जिला पंचायत सदस्य सम्राट मलिक समेत कई सपा नेताओं ने खुद होर्डिंग उतारे थे। सपा विधायक ने आरोप लगाया था कि भाजपा के कुछ कार्यकर्ताओं ने ये विवादित होर्डिंग लगाए हैं।
इसी मामले को लेकर बृहस्पतिवार को सपा अधिवक्ता सभा के 20-25 अधिवक्ता कमिश्नरी के सामने एकत्र हुए। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पोस्टर जलाकर नारेबाजी की। पोस्टर जलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले में इंटेलीजेंस ने भी अपनी रिपोर्ट पुलिस अधिकारियों को सौंप दी।
इसके बाद एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने सिविल लाइन पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमों का गठन किया गया है और दबिश दी जा रही है। वीडियो के माध्यम से अज्ञात लोगों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद पोस्टर जलाने में शामिल लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.