एमपी: रैपुरा थाने से बोलेरो लेकर फरार हुआ शराबी, बाजार में मचाया तांडव; 8 लोग घायल

HIGHLIGHTS
- रैपुरा थाने से बोलेरो लेकर भागे शराबी ने बाजार में कई लोगों को टक्कर मारी, आठ लोग घायल हुए।
- थाना प्रभारी ने सफाई दी कि वाहन में चाबी नहीं लगी थी और पुरानी बोलेरो किसी भी चाबी से स्टार्ट हो सकती है।
- आरोपी गिरफ्तार, चोरी, लापरवाही से वाहन चलाने समेत कई धाराओं में मामला दर्ज।
पन्ना जिले के रैपुरा थाने में 22 जुलाई को हुई घटना को लेकर थाना प्रभारी स्मिता सिंह बघेल ने अपनी चुप्पी तोड़ते हुए पूरे मामले की जानकारी दी है। उन्होंने लापरवाही के आरोपों पर सफाई देते हुए कहा कि थाने में खड़ी शासकीय कार क्रमांक एमपी-03 ए-2067 में चाबी नहीं लगी थी। उनका कहना है कि वाहन काफी पुराना होने के कारण वह किसी भी चाबी से स्टार्ट हो जाता है।
हत्या के आरोपी को पेश करने पन्ना गई थीं थाना प्रभारी
पुलिस के अनुसार, घटना के दिन थाना प्रभारी स्मिता सिंह बघेल हत्या के एक मामले में आरोपी को पेश करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक में शामिल होने पन्ना गई थीं।
इसी दौरान ग्राम इमलिया निवासी सुखेंद्र सिंह बुंदेला रैपुरा थाने पहुंचा। थाना प्रभारी के मुताबिक, वह जमीन विवाद में समझौता कराने के लिए आया था। थाने में मौजूद मुंशी अजय मिश्रा ने बातचीत के दौरान उसे नशे की हालत में पाया। पूछताछ में उसने शराब पीने की बात स्वीकार की, जिसके बाद उसे नशा उतरने के बाद आने के लिए कहा गया।
पुरानी बोलेरो को लेकर थाना प्रभारी ने दी सफाई
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस की बोलेरो काफी पुरानी है और उसे किसी भी मोटरसाइकिल या अन्य चाबी से स्टार्ट किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वाहन में चाबी नहीं लगी थी।
उन्होंने बताया कि बोलेरो का ड्राइवर साइड का गेट भी लॉक नहीं होता है और खिड़की का कांच नीचे कर अंदर से गेट खोलना पड़ता है। वाहन की खराब स्थिति के कारण वह खुद पन्ना जाने के लिए निजी वाहन का इस्तेमाल कर रही थीं।
आरोपी गिरफ्तार, विभागीय जांच शुरू
पुलिस के अनुसार, सुखेंद्र सिंह बुंदेला को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। वहीं, पुलिस अभिरक्षा से शासकीय वाहन ले जाने के मामले में वरिष्ठ अधिकारियों ने विभागीय जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल भी जाना। हादसे में आठ लोग घायल हुए थे, जिनमें से गंभीर रूप से घायल दो लोगों को परिजनों की इच्छा पर कटनी रेफर किया गया।
थाने से कार लेकर बाजार में पहुंचा आरोपी
गौरतलब है कि 22 जुलाई को रैपुरा कस्बे में साप्ताहिक हाट बाजार लगा हुआ था। बड़ी संख्या में लोग खरीदारी कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, मुंशी द्वारा बाहर भेजे जाने के बाद सुखेंद्र बुंदेला की नजर थाने परिसर में खड़ी शासकीय कार पर पड़ी।
मौका मिलते ही उसने वाहन स्टार्ट किया और तेज रफ्तार से सड़क पर निकल गया। हाट बाजार में उसने तेज गति से वाहन चलाते हुए कई लोगों को टक्कर मार दी।
कटनी तिराहे पर उसने मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी-35 एमजे-3283 को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार दूर जा गिरा और मोटरसाइकिल कार के नीचे फंस गई। आरोपी कार के नीचे फंसी बाइक को करीब 200 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया।
इसके बाद उसने स्कूटी क्रमांक एमपी-20 एसक्यू-2276 को भी टक्कर मार दी। घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने बना लिया। बाद में कार सड़क किनारे खड़ी पांडेय बस क्रमांक एमपी-20 पीए-0965 से टकरा गई, जिससे बोलेरो क्षतिग्रस्त हो गई।
थाने में पहुंची भीड़, आरोपी को बचाकर लॉकअप में बंद किया
पुलिस और स्थानीय लोगों ने आरोपी को अवंतीबाई चौक पर पकड़ लिया और थाने ले आए। घटना से नाराज करीब 100 से 150 लोगों की भीड़ भी पुलिस के पीछे-पीछे थाने पहुंच गई।
भीड़ थाने के एचसीएम कक्ष तक पहुंच गई और आरोपी की पिटाई करने का प्रयास किया। उस समय थाने में मौजूद केवल दो आरक्षकों ने काफी मशक्कत के बाद आरोपी को भीड़ से बचाया और सुरक्षित लॉकअप में बंद किया।
करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस के आश्वासन पर भीड़ शांत हुई।
हादसे में आठ लोग घायल
घटना में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए, जिन्हें रैपुरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। घायलों में रमेश चौधरी (37), जलसा बाई (36), प्रमोद नायक (55), हेमलता बाल्मीकि (38), बेबी बाई (42), संतोष रैकवार, विमला बाई और काशी प्रसाद लोधी शामिल हैं।
आरोपी पर कई धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी सुखेंद्र सिंह बुंदेला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) (चोरी), 281 (लापरवाही से वाहन चलाना), 125(ए) (जान-माल को खतरे में डालना/चोट पहुंचाना) और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.