मुजफ्फरनगर में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, 21 वर्षीय युवक की मौत; दोस्त गंभीर घायल

HIGHLIGHTS
- दोनों युवक गुड्डू के भतीजे के जन्मदिन के लिए केक लेने जा रहे थे।
- संगत होटल के पास सामने से आई बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मारी।
- दुर्घटना के बाद दोनों को एंबुलेंस से बुढ़ाना CHC ले जाया गया।
मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना थाना क्षेत्र के बिटावदा गांव में शनिवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा संगत होटल के पास हुआ। दुर्घटना के बाद दूसरी बाइक का चालक मौके से फरार हो गया।
नगवा गांव निवासी दीपक (21) पुत्र चंद्रकिरण अपने दोस्त गुड्डू पुत्र महेंद्र के साथ बाइक से बुढ़ाना बाजार जा रहा था। दोनों गुड्डू के भतीजे के जन्मदिन के लिए केक खरीदने निकले थे। बिटावदा गांव में संगत होटल के पास पहुंचते ही सामने से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
अस्पताल में दीपक को मृत घोषित किया
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को बुढ़ाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दीपक को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल गुड्डू का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
दीपक की मौत की खबर से परिवार में मचा कोहराम
दीपक की मौत की जानकारी मिलते ही उसके परिवार में मातम छा गया। अस्पताल पहुंचे भाई और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। परिवार की हालत देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
बायवला चौकी इंचार्ज रणवीर सिंह ने बताया कि दो बाइकों की भिड़ंत में एक युवक की मौत हुई है, जबकि एक युवक घायल हुआ है। उन्होंने बताया कि अभी परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.