मुजफ्फरनगर: नगर पालिका में भ्रष्टाचार के खिलाफ क्रांति सेना ने ज्ञापन सौंपा

मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद में कथित अनियमितताओं को लेकर क्रांतिसेना ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी उमेश मिश्र को ज्ञापन सौंपते हुए विभिन्न मामलों की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि शहर की एकमात्र कमला नेहरू वाटिका से फलदार हरे पेड़ों को अवैध रूप से काट दिया गया, लेकिन अब तक इस मामले में ठोस जांच पूरी नहीं हो सकी है। इसके अलावा सफाई कर्मचारियों को समय पर और नियमानुसार वेतन न मिलने की शिकायत भी उठाई गई। संगठन का कहना है कि लखनऊ और दिल्ली की कार्यदायी कंपनियां करीब 50 सफाई कर्मियों का भविष्य निधि (पीएफ) जमा करने में एक वर्ष से टालमटोल कर रही हैं, जबकि नगर पालिका की ओर से संबंधित राशि नियमित रूप से कंपनियों को दी जा रही है।
क्रांतिसेना ने यह भी आरोप लगाया कि पालिका के निर्माण कार्यों में भारी कमीशनखोरी हो रही है, जिससे विकास कार्यों की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। संगठन ने पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराकर जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित कंपनियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान मंडल अध्यक्ष शरद कपूर, जिलाध्यक्ष मुकेश त्यागी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पूनम चौधरी, महानगर अध्यक्ष देवेंद्र चौहान, जिला उपाध्यक्ष मंगतराम सोनकर सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.