मुजफ्फरनगर में 20 सितंबर को RLD का सामाजिक समरसता सम्मेलन, जयंत चौधरी होंगे मुख्य अतिथि

HIGHLIGHTS
- 20 सितंबर को पचेंडा रोड स्थित द प्लैटिनम बैंक्वेट हॉल के ग्राउंड परिसर में सम्मेलन आयोजित होगा।
- अनिल कुमार ने रालोद को सर्वसमाज का प्रतिनिधित्व करने वाली पार्टी बताया।
- 2013 के दंगों से जुड़े पोस्टरों को लेकर प्रशासन की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की बात कही गई है।
मुजफ्फरनगर में राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के स्थापना दिवस के मौके पर 20 सितंबर को सामाजिक समरसता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री और रालोद नेता अनिल कुमार ने प्रेस वार्ता कर कार्यक्रम की जानकारी साझा की।
अनिल कुमार ने बताया कि रविवार 20 सितंबर को सुबह 11 बजे पचेंडा रोड स्थित द प्लैटिनम बैंक्वेट हॉल के ग्राउंड परिसर में विशाल सामाजिक समरसता सम्मेलन होगा। कार्यक्रम में रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे।
‘G4 गन्ना और J4 जनता होती है’
प्रेस वार्ता में अनिल कुमार ने हाल में चर्चा में रहे ‘G4 गन्ना’ और ‘J4 जनता/जाट’ विवाद पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, “G4 गन्ना और J4 जनता होता है।”
मंत्री ने कहा कि रालोद किसी एक जाति या बिरादरी तक सीमित पार्टी नहीं है। उनके अनुसार पार्टी किसान, युवा, दलित, पिछड़े, अगड़े और अल्पसंख्यकों सहित सर्वसमाज का प्रतिनिधित्व करती है। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर जाति और बिरादरी की राजनीति करने का आरोप लगाया।
छपार और रामलीला टिल्ला प्रकरण पर भी प्रतिक्रिया
प्रेस वार्ता में छपार और रामलीला टिल्ला प्रकरण से जुड़े सवाल भी अनिल कुमार से किए गए। उन्होंने कहा कि वह स्वयं मौके पर पहुंचे थे। उनके मुताबिक, दोनों मामलों में शासन और प्रशासन की ओर से त्वरित और कड़ी कार्रवाई की गई है।
अनिल कुमार ने कहा कि सरकार महिला सुरक्षा और सम्मान को लेकर पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
2013 दंगों से जुड़े पोस्टर पर कार्रवाई का भरोसा
2013 के दंगों से जुड़े विवादित पोस्टरों के सवाल पर मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि सपा सरकार के कार्यकाल में हुआ दंगा बेहद दुखद था। उन्होंने ऐसे पोस्टर लगाए जाने को अनुचित बताया।
मंत्री के अनुसार, प्रशासन ने पोस्टर हटवा दिए हैं। मामले की जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सर्वसमाज को एक मंच पर लाने का प्रयास
अनिल कुमार ने कहा कि सामाजिक समरसता सम्मेलन के माध्यम से समाज के अलग-अलग वर्गों को एक मंच पर लाने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने कहा कि रालोद की राजनीति सर्वसमाज को साथ लेकर चलने की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.