मुजफ्फरनगर: चौथी कक्षा की छात्रा की मौत मामले में नया मोड़, पिता बोले- नहीं चाहते कार्रवाई

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर छात्रा आत्महत्या मामले में पिता ने अब कार्रवाई से इनकार करते हुए वीडियो जारी किया।
- पहले शिक्षकों पर अपमान और मारपीट के आरोप लगाए गए थे, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
- पिता के नए बयान के बाद मामले में नया मोड़ आया, आगे की कार्रवाई पुलिस जांच के आधार पर होगी।
मुजफ्फरनगर में चौथी कक्षा की छात्रा की आत्महत्या के मामले में नया घटनाक्रम सामने आया है। छात्रा के पिता ने पहले स्कूल के शिक्षक और शिक्षिका पर बेटी को चोरी के आरोप में कक्षा के सामने अपमानित करने और मारपीट करने का आरोप लगाया था। अब उन्होंने वीडियो जारी कर कहा है कि वह किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं चाहते। हालांकि, पुलिस इस मामले में पहले ही मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर चुकी है।
नई मंडी थाना क्षेत्र के गांव पचेंडा कला निवासी छात्रा के पिता अशोक राजपूत ने गुरुवार रात करीब 11 बजे एक वीडियो जारी किया। वीडियो में उन्होंने कहा कि गांव और मोहल्ले के लोगों के कहने पर उन्होंने पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन अब वह किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं चाहते हैं।
अशोक राजपूत ने पुलिस प्रशासन से भी अनुरोध किया कि इस मामले में आगे कोई कानूनी कार्रवाई न की जाए।
घटना वाले दिन का घटनाक्रम बताया
वीडियो में अशोक राजपूत ने बताया कि वह और उनकी पत्नी मजदूरी करते हैं और उनके चारों बच्चे उसी स्कूल में पढ़ते हैं। उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन जब वह काम से घर लौटे तो मकान के बाहर ताला लगा हुआ था, जिसकी चाबी उनके पास थी।
उन्होंने बताया कि ताला खोलकर जब वह घर के अंदर पहुंचे तो उनकी बेटी फंदे से लटकी मिली। बाद में मोहल्ले के लोगों से जानकारी मिली कि बच्ची दीवार फांदकर घर के अंदर गई थी।
पहले शिक्षकों पर लगाए थे आरोप
इससे पहले छात्रा के परिजनों ने आरोप लगाया था कि स्कूल में 10 रुपये मिलने की घटना के बाद एक शिक्षक और शिक्षिका ने बच्ची पर चोरी का आरोप लगाया था। परिजनों का आरोप था कि बच्ची को पूरी कक्षा के सामने पीटा गया और अपमानित किया गया।
परिजनों ने दावा किया था कि इसी मानसिक आघात के चलते छात्रा ने घर पहुंचकर आत्महत्या जैसा कदम उठाया।
पुलिस ने दर्ज किया था मुकदमा
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की थी। पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा भी दर्ज किया था।
अब पिता के नए वीडियो के बाद मामले में नया मोड़ आ गया है। हालांकि, मुकदमा दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई पुलिस जांच और सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।
सीओ ने कही थी जांच की बात
सीओ नई मंडी सुनील कुमार ने पहले बताया था कि पीड़ित पिता की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा था कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.