मुजफ्फरनगर: तेज रफ्तार कार ने विद्युत पोल और वाटर कूलर में मारी टक्कर, 8 घंटे तक बिजली रही प्रभावित

HIGHLIGHTS
- हादसे के बाद बिजली विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त पोल को हटाया।
- विद्युत विभाग ने नुकसान का आंकलन करीब 15 हजार रुपये किया।
- कार सवार युवकों ने बिजली विभाग और नगर पालिका के नुकसान की भरपाई का आश्वासन दिया।
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की साकेत कॉलोनी में गुरुवार देर रात करीब 12:30 बजे नशे में धुत युवकों की तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर मंदिर के बाहर लगे विद्युत पोल और नगर पालिका के वाटर कूलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विद्युत पोल टूटकर सड़क पर गिर गया, जबकि वाटर कूलर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद साकेत क्षेत्र की बिजली आपूर्ति लंबे समय तक प्रभावित रही। साकेत पुलिस चौकी के बराबर स्थित मंदिर के बाहर कार पहले नगर पालिका के वाटर कूलर से टकराई और इसके बाद विद्युत पोल से जा भिड़ी। हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कार की तेज रफ्तार और टक्कर के बाद विद्युत पोल के सड़क पर गिरने का दृश्य दिखाई दे रहा है।
सिविल लाइन पुलिस के अनुसार, कार में सवार दोनों युवक साकेत कॉलोनी के ही रहने वाले हैं। दोनों का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें अल्कोहल की मात्रा पाई गई। हादसे के बाद सरकारी संपत्तियों को हुए नुकसान की भरपाई को लेकर संबंधित विभागों और कार सवार युवकों के बीच बातचीत हुई।
साकेत चौकी प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि विद्युत विभाग ने नुकसान का आंकलन करीब 15 हजार रुपये किया। नुकसान की भरपाई के लिए युवकों को एस्टीमेट दिया गया, जिस पर उन्होंने विद्युत विभाग को हुए नुकसान की भरपाई करने पर सहमति जताई। नगर पालिका के वाटर कूलर को हुए नुकसान की भरपाई का भी आश्वासन दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं दिए जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।
हादसे के चलते साकेत क्षेत्र में करीब 8 घंटे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। सुबह सूचना मिलने के बाद विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त पोल को हटाकर नया पोल लगाने का काम शुरू किया। पोल बदलने और बिजली आपूर्ति बहाल करने में टीम को कई घंटे लगे, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.