दिल्ली-एनसीआर में बारिश से मौसम हुआ सुहाना, IGI एयरपोर्ट पर 400 उड़ानें लेट

HIGHLIGHTS
- पालम में 75.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
- आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 और 3 के फोरकोर्ट में पानी भर गया।
- टर्मिनल-3 के गेट तक करीब एक फुट पानी पहुंच गया।
दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार के बाद शनिवार सुबह भी जोरदार बारिश हुई, जिससे मौसम सुहाना हो गया। नोएडा समेत एनसीआर के कई इलाकों में बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। जन्माष्टमी के दिन शुक्रवार को हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि, बारिश के चलते कई प्रमुख सड़कों पर जलभराव हो गया, जिससे वाहन चालकों को कुछ परेशानी हुई।
आईजीआई एयरपोर्ट पर भी बिगड़े हालात
राजधानी में शुक्रवार को हुई तेज बारिश का असर देश के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में शामिल आईजीआई एयरपोर्ट की व्यवस्था पर भी पड़ा। पालम में 75.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज होने के बाद टर्मिनल-2 और 3 के फोरकोर्ट में पानी भर गया।
टर्मिनल-3 के बाहर स्थिति इतनी खराब हो गई कि पानी मुख्य इमारत के गेट तक पहुंच गया। यहां करीब एक फुट तक जलभराव हो गया। इसका सीधा प्रभाव विमान संचालन पर पड़ा। दिल्ली आने वाली देश-विदेश की 11 उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा, जबकि करीब 400 उड़ानें देरी से संचालित हुईं।
आगमन की करीब 60 फीसदी और प्रस्थान की लगभग 90 फीसदी उड़ानें प्रभावित रहीं। यात्रियों को 40 मिनट से लेकर एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा।
दो घंटे तक होती रही तेज बारिश
दिल्ली में शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे बारिश शुरू हुई। इसके बाद लगभग दो घंटे तक लगातार तेज बारिश होती रही। केवल आधे घंटे के भीतर ही टर्मिनल-3 के फोरकोर्ट में पानी जमा होना शुरू हो गया।
बारिश जारी रहने के साथ पानी का स्तर बढ़ता गया और टर्मिनल की मुख्य इमारत के गेट तक पहुंच गया। फोरकोर्ट में करीब एक फुट पानी जमा होने के कारण यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हुई।
जलभराव की वजह से यात्रियों को एयरसाइड जाने से भी रोकना पड़ा। करीब 40 मिनट तक यात्रियों को इंतजार करना पड़ा। फोरकोर्ट से बाहर आने वाले यात्रियों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। कई यात्रियों के जूते तक पानी में भीग गए।
एयरपोर्ट परिसर में पानी भरने से यात्रियों की परेशानी लगातार बढ़ती गई। वहीं, उड़ानों के संचालन पर भी इसका असर जारी रहा।
नोएडा में भी जलभराव से परेशान हुए लोग
नोएडा में शुक्रवार दोपहर बाद हुई बारिश के कारण कई जगहों पर जलभराव हो गया। रास्तों पर पानी भरने से राहगीरों को आवागमन में परेशानी हुई। रुक-रुककर हुई बारिश के कारण प्रमुख सड़कें ज्यादा प्रभावित नहीं हुईं।
जहां गांवों को जोड़ने वाली सड़कों और अंदरूनी सड़कों पर जलनिकासी की पुख्ता व्यवस्था नहीं है, वहां पानी भर गया। सेक्टर-73 सर्फाबाद में यदु पब्लिक स्कूल के सामने जाने वाली सड़क पर इंडोर स्टेडियम के सामने जलभराव हुआ। यहां देर शाम तक पानी जमा रहा।
इसी तरह सेक्टर-49 बरौला में भी कुछ स्थानों पर जलभराव के साथ कीचड़ की समस्या सामने आई। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे पर सेक्टर-148 अंडरपास में भी कुछ समय के लिए पानी भर गया।
सेक्टर-62 में खोड़ा और नोएडा के बीच की सड़क पर भी जलभराव होने से कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.