मुजफ्फरनगर: त्यागी-ब्राह्मण सम्मेलन में 2027 चुनाव पर मंथन, प्रमोद त्यागी को बुढ़ाना से टिकट देने की मांग

HIGHLIGHTS
- सम्मेलन सोहंजनी तगान स्थित आरके फार्म हाउस में आयोजित हुआ।
- कार्यक्रम का आह्वान सपा नेता प्रमोद त्यागी ने किया था।
- सम्मेलन में समाज के हजारों लोगों के शामिल होने का दावा किया गया।
मुजफ्फरनगर में त्यागी और ब्राह्मण समाज ने राजनीतिक एकजुटता का प्रदर्शन किया। सोहंजनी तगान स्थित आरके फार्म हाउस में सपा नेता प्रमोद त्यागी के आह्वान पर त्यागी-ब्राह्मण बौद्धिक सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें समाज के हजारों लोग शामिल हुए। सम्मेलन में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाज की राजनीतिक भूमिका और एकजुटता पर चर्चा की गई।
सम्मेलन में शामिल त्यागी-ब्राह्मण समाज के लोगों ने एकजुट होकर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रमोद त्यागी को 2027 में बुढ़ाना विधानसभा सीट से सपा का प्रत्याशी बनाए जाने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि बुढ़ाना विधानसभा क्षेत्र में त्यागी और ब्राह्मण समाज की महत्वपूर्ण भूमिका है और इस बार समाज एकजुट होकर अपनी राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करेगा।
समाज के सदस्यों ने कहा कि पहले हुई राजनीतिक गलतियों को सुधारने का समय 2027 में है। सम्मेलन में मौजूद लोगों ने प्रमोद त्यागी को चुनाव लड़ाने और उन्हें विधानसभा भेजने का भरोसा भी दिलाया।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि घोसी सांसद राजीव राय ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि समाज का कोई भी वर्ग ऐसा नहीं है, जो खुद को ठगा हुआ महसूस न कर रहा हो।
किसान आंदोलन का जिक्र करते हुए राजीव राय ने आरोप लगाया कि आंदोलन में शामिल किसानों को 'खालिस्तानी' कहा गया और उनके बच्चों पर लाठियां चलाई गईं। उन्होंने कहा कि किसानों के गन्ने को एथेनॉल में बदल दिया गया, लेकिन न तो गन्ने के दाम बढ़े और न ही पेट्रोल सस्ता हुआ।
राजीव राय ने आरोप लगाया कि किसान भुखमरी की स्थिति में हैं और आत्महत्या कर रहे हैं, जबकि सरकार अपने उद्योगपति मित्रों के कर्ज माफ कर रही है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में जनता खुद चुनाव लड़ेगी और समाजवादी पार्टी की प्रचंड बहुमत की सरकार बनेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.