मुजफ्फरनगर: युवक के गुप्तांग पर धारदार हथियार से हमला, किन्नर पर आरोप; गंभीर हालत में रेफर

HIGHLIGHTS
- घायल युवक की पहचान राजा पुत्र अनिल के रूप में हुई
- प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर किया गया
- पप्पी किन्नर पर धारदार हथियार से हमला करने का आरोप
मुजफ्फरनगर के चरथावल में मंगलवार अपराह्न करीब 3 बजे एक युवक के गुप्तांग पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल सीएचसी चरथावल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला चिकित्सालय मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया।
घायल युवक की पहचान चरथावल निवासी राजा पुत्र अनिल के रूप में हुई है। मामले में एक किन्नर पर युवक पर धारदार हथियार से हमला करने का आरोप लगाया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले नगर पंचायत चेयरमैन पद का प्रत्याशी भी रह चुका है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पीड़ित राजा शादी समारोहों में महिलाओं की वेशभूषा में नृत्य करने का काम करता है और काफी समय से पप्पी किन्नर के संपर्क में था। घटना को लेकर पीड़ित पक्ष की ओर से गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
राजा के पड़ोसी ने आरोप लगाया कि आरोपी किन्नर पीड़ित युवक राजा को अपने साथ शामिल करना और किन्नर बनाना चाहता था। इसी बात को लेकर विवाद के बाद युवक के गुप्तांग पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का आरोप लगाया गया है। पड़ोसी के आरोपों के बाद घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही चरथावल पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। चरथावल थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया ने बताया कि सूचना मिलते ही घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
थाना प्रभारी के मुताबिक, घटना की परिस्थितियों और लगाए गए आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस को कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल युवक का उपचार जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमला किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें किसकी क्या भूमिका रही। पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.