नागौर: मकराना में जमीन धंसी, कालानाडा-कटाणी मार्ग खदानों में समाया; 10 गांवों का संपर्क टूटा

HIGHLIGHTS
- नागौर के मकराना खनन क्षेत्र में करीब 6 खदानें धंस गईं, कालानाडा-कटाणी मार्ग भी क्षतिग्रस्त हुआ।
- मूसलाधार बारिश और अवैध खनन को हादसे की वजह बताया जा रहा है, ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए।
- पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षेत्र सील किया, प्रशासन ने जांच शुरू करने की बात कही।
नागौर के मकराना स्थित अरावली पॉलीगॉन क्षेत्र के कालानाडा खनन इलाके में गुरुवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। मूसलाधार बारिश और लंबे समय से चल रहे अनियंत्रित अवैध खनन के कारण यहां करीब 6 खदानें अचानक ढह गईं। हादसे के चलते जाखली जाने वाला मुख्य कालानाडा-कटाणी मार्ग भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सैकड़ों फीट गहरे खदान के गड्ढों में समा गया।
राहत की बात यह रही कि जिस समय खदानें धंसीं, उस समय वहां काम बंद था और सड़क पर भी कोई आवाजाही नहीं थी। इससे एक बड़े हादसे की आशंका टल गई। हालांकि, अब इसका असर आसपास के ग्रामीणों पर पड़ रहा है, क्योंकि मकराना से जुड़े करीब 10 गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया है।
शिकायतों के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई का आरोप
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि पॉलीगॉन क्षेत्र की खदान संख्या 4 से 10 तक पिछले डेढ़ साल से अवैध खनन जारी था। उनका कहना है कि अधिक मुनाफे के लिए खनन करने वालों ने सड़क और कृषि भूमि के नीचे तक खुदाई कर दी, जिससे जमीन कमजोर हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार, पहले भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शिकायतें की गई थीं। उपखंड अधिकारी की ओर से खनिज अभियंता को नोटिस जारी कर सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन आरोप है कि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
मौके पर पहुंची पुलिस, क्षेत्र सील
हादसे की सूचना मिलने के बाद वृत्ताधिकारी विक्की नागपाल और थाना प्रभारी पंकज विश्नोई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और क्षेत्र को सील कर दिया। वहीं, हादसे की जिम्मेदारी को लेकर विभागों के बीच बयान सामने आने लगे हैं।
खनिज विभाग के अभियंता ललित मंगल ने जमीन धंसने की वजह नगर परिषद की सीवरेज पाइप लाइन में लीकेज और बारिश के कारण हुए कटाव को बताया है।
वहीं, पंचायत समिति प्रधान सुमिता खींचड़ ने खनिज विभाग पर अवैध खनन को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासन की ओर से मामले की जांच की बात कही जा रही है। अब जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों और जिम्मेदारों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.