JSSC CGL पेपर लीक जांच में नया नाम, सुधाकर यादव से CID की पूछताछ जारी

HIGHLIGHTS
- सुधाकर यादव के पास छात्रों के चेक और प्रमाण पत्र मिलने की सूचना।
- करीब दो दर्जन छात्रों की नौकरी के लिए सेटिंग का दावा।
- राजेश और संदीप से भी CID की पूछताछ जारी।
रांची। जेएसएससी सीजीएल में कथित पेपर लीक और अनियमितता के मामले की जांच कर रही सीआईडी ने देवघर से एक और संदिग्ध सुधाकर यादव को पकड़ा है। उसे रांची लाकर पूछताछ की जा रही है। सुधाकर यादव बिहार के बांका जिले के जयपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है।
सीआईडी ने सुधाकर यादव को देवघर के रिखिया थाना क्षेत्र के बैजनाथपुर बंधा इलाके में स्थित एक घर से पकड़ा और फिर रांची ले आई। उसके पास से कुछ छात्रों के चेक और प्रमाण पत्र समेत अन्य दस्तावेज मिलने की सूचना है। सीआईडी इन दस्तावेजों का सत्यापन करने के साथ बैंक खातों से जुड़ी जानकारी भी जुटाएगी। पूछताछ के दौरान उसके खिलाफ ठोस साक्ष्य मिलने के बाद ही उसकी गिरफ्तारी की जाएगी।
सुधाकर यादव का नाम उन अभ्यर्थियों ने सीआईडी के सामने लिया था, जिनसे पहले पूछताछ की गई थी। अभ्यर्थियों के अनुसार, सुधाकर यादव ने कई उम्मीदवारों को जेएसएससी सीजीएल में मदद पहुंचाई थी। कथित पेपर लीक और प्रश्न-उत्तर रटवाने में भी उसकी भूमिका बताई गई है। इसी जानकारी के आधार पर सीआईडी उसके तक पहुंची।
सूत्रों के मुताबिक, सीआईडी ने सुधाकर यादव के पास से कई छात्रों के चेक और प्रमाण पत्र बरामद किए हैं। वह वर्ष 2018 से रांची सचिवालय में लिपिक के पद पर काम कर रहा था। छापेमारी टीम को उसने बताया कि उसका ट्रांसफर दुमका हो गया है, इसलिए वह यहां रह रहा था। हालांकि, आशंका जताई जा रही है कि उसे पहले ही इस बात की जानकारी हो गई थी कि सीआईडी की टीम उसे पकड़ सकती है और इसी वजह से वह यहां छिपकर रह रहा था।
पुलिस को इसकी जानकारी मिली, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। यह भी जानकारी सामने आई है कि प्रारंभिक पूछताछ में उसने अपनी भूमिका के बारे में बताया है। उसने करीब दो दर्जन छात्रों को नौकरी दिलाने के लिए सेटिंग करने की बात कही है। साथ ही उसने हजारीबाग में कई छात्रों को प्रश्न और उत्तर रटवाने की जानकारी भी दी है।
कोडरमा के दोनों युवकों से दिनभर पूछताछ
कोडरमा के डोमचांच निवासी दोनों संदिग्ध युवकों राजेश प्रसाद यादव और संदीप कुमार से सीआईडी ने रविवार को भी पूरे दिन पूछताछ की। दोनों पर अभ्यर्थियों को मदद पहुंचाने का संदेह है। सीआईडी ने उन्हें सोमवार को भी पूछताछ के लिए बुलाया है।
राजेश प्रसाद यादव और संदीप कुमार के बारे में भी पहले पूछताछ के लिए बुलाए गए अभ्यर्थियों ने ही सीआईडी को जानकारी दी थी। अभ्यर्थियों ने बताया था कि दोनों कथित पेपर लीक मामले में संदिग्ध हैं और कई उम्मीदवारों को परीक्षा पास कराने में मदद कर चुके हैं।
सीआईडी दोनों के वाट्सऐप चैट, बैंक डिटेल्स और अभ्यर्थियों के साथ उनकी साठगांठ से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.