झारखंड में बढ़ रहा H1N1 का संक्रमण, रिम्स में 12 मरीज मिले पॉजिटिव

HIGHLIGHTS
- गंभीर लक्षण दिखने पर तत्काल अस्पताल पहुंचने की सलाह दी गई है।
- रिम्स में संक्रमित मरीजों के लिए अलग विशेष वार्ड तैयार किया गया है।
- गंभीर मरीजों को जरूरत के अनुसार आईसीयू में भर्ती किया जा रहा है।
रांची। झारखंड में स्वाइन फ्लू (H1N1) संक्रमण का दायरा लगातार बढ़ रहा है। राज्य में बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। रिम्स में अब तक 36 सैंपल की जांच की गई है, जिनमें 12 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं, राज्य में अब तक 38 से अधिक संक्रमित मरीज मिलने की बात सामने आ रही है। राजधानी रांची समेत अलग-अलग जिलों से मरीज इलाज के लिए रिम्स पहुंच रहे हैं।
तेज बुखार और खांसी समेत ये हैं प्रमुख लक्षण
स्वाइन फ्लू के प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना या बंद होना, सिरदर्द, शरीर में दर्द और अत्यधिक थकान शामिल हैं। चिकित्सकों के अनुसार, यदि मरीज को सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द, लगातार तेज बुखार, अत्यधिक कमजोरी या होंठ और चेहरे का रंग नीला पड़ने जैसे गंभीर लक्षण दिखाई दें तो तत्काल अस्पताल पहुंचना चाहिए।
बच्चों और बुजुर्गों में संक्रमण का खतरा अधिक
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, H1N1 एक श्वसन संबंधी संक्रमण है, जो संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने या सांस लेने के दौरान निकलने वाली बूंदों के संपर्क में आने से फैल सकता है। बच्चों और बुजुर्गों में संक्रमण का खतरा अधिक रहता है। इसके अलावा, पहले से किसी बीमारी से पीड़ित लोगों को भी विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
रिम्स में संक्रमित मरीजों के लिए विशेष वार्ड तैयार
बढ़ते संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने रिम्स में स्वाइन फ्लू संक्रमित मरीजों के लिए अलग विशेष वार्ड तैयार किया है। गंभीर मरीजों को जरूरत के अनुसार आईसीयू में भर्ती किया जा रहा है। चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम मरीजों की 24 घंटे निगरानी कर रही है।
स्वास्थ्य मंत्री बोले- इलाज में नहीं बरती जाएगी लापरवाही
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि स्वाइन फ्लू के मरीजों के इलाज के लिए रिम्स में पर्याप्त व्यवस्था की गई है। गंभीर मरीजों को आईसीयू में रखा जा रहा है और चिकित्सक लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संक्रमित मरीजों के इलाज में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि संक्रमण से बचाव के लिए हाथों की नियमित सफाई रखें, खांसते या छींकते समय मुंह-नाक ढकें और संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से बचें। लक्षण दिखाई देने पर बिना देरी किए चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.