दिल्ली में सीवेज प्रदूषण पर NGT सख्त, जल बोर्ड को लगाई फटकार; दो हफ्ते में मांगा जवाब

HIGHLIGHTS
- राष्ट्रीय हरित अधिकरण ने दिल्ली में सीवेज प्रदूषण के मामले में सख्त रुख अपनाया।
- बिना शोधित सीवेज नालों में छोड़े जाने पर दिल्ली जल बोर्ड से जवाब मांगा गया।
- DPCC को मौके पर जाकर नालों के पानी के नमूने लेने और जांच कराने का निर्देश दिया गया।
राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने दिल्ली में सीवेज प्रदूषण के मामले में कड़ा रुख अपनाया है। बिना शोधित सीवेज को नालों में बहाए जाने पर अधिकरण ने दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) से जवाब मांगा है। इस व्यवस्था पर नाराजगी जाहिर करते हुए एनजीटी ने जल बोर्ड को फटकार भी लगाई है।
अधिकरण ने दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) को मौके पर जाकर जांच करने का निर्देश दिया है। समिति को नालों से पानी के नमूने लेकर उनकी जांच करानी होगी। एनजीटी ने डीजेबी से सवाल किया कि जब काम पूरा होने का दावा किया गया है, तो इसके बावजूद नालों में गंदा पानी कैसे बह रहा है।
सुनवाई के दौरान इस संबंध में तस्वीरें भी पेश की गईं। इनमें दावा किया गया कि पंत नगर और लाजपत नगर के ड्रेन नंबर-22 में अब भी बिना शोधित सीवेज बह रहा है।
हलफनामे को लेकर एनजीटी ने उठाए सवाल
एनजीटी ने दिल्ली जल बोर्ड के चीफ इंजीनियर से जवाब मांगा है। उन्होंने 21 नवंबर को काम पूरा होने का हलफनामा दाखिल किया था। अधिकरण ने स्पष्ट किया कि यदि हलफनामे में दी गई जानकारी गलत पाई जाती है, तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डीजेबी को दो सप्ताह के भीतर नया हलफनामा दाखिल करने का निर्देश दिया गया है। इसमें सीवेज शोधन संयंत्रों की वास्तविक स्थिति, काम में देरी की वजह और परियोजनाओं के पूरा होने की नई तारीख बतानी होगी।
परियोजनाओं और समय सीमा पर भी मांगा जवाब
एनजीटी ने उन कार्यों पर भी सवाल उठाए, जिनके लिए पहले एक साथ निविदाएं जारी की गई थीं। अधिकरण ने पूछा कि बाद में इन कामों को तीन-चार हिस्सों में बांटकर अलग-अलग कंपनियों को क्यों सौंपा गया।
डिफेंस कॉलोनी के पास लगाए जा रहे नैनो बबल्स प्लांट के बारे में भी दिल्ली जल बोर्ड से जानकारी मांगी गई है। बोर्ड को बताना होगा कि यह संयंत्र कब शुरू होगा और इससे क्या फायदे होंगे।
दिल्ली के 22 नालों की सफाई पूरी करने की समय सीमा बढ़ा दी गई है। कई कार्यों के मार्च और जून 2027 तक पूरे होने की उम्मीद है। वहीं, दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डीयूएसआईबी) को भी दिल्ली जल बोर्ड के हलफनामे पर एक सप्ताह के भीतर जवाब दाखिल करना होगा।
इस मामले में अगली सुनवाई 22 दिसंबर को होगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.