15 साल की सजा पाए आरोपी को सुप्रीम कोर्ट ने किया बरी, मेडिकल सबूतों की कमी बनी वजह

HIGHLIGHTS
- सुप्रीम कोर्ट ने 15 साल की सजा पाए आरोपी को बरी किया।
- मामला 17 अगस्त 2019 को कार में लिफ्ट देने के बाद यौन उत्पीड़न के आरोपों से जुड़ा था।
- पीड़िता ने कार में मारपीट और कई बार दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया था।
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने 15 साल की सजा पाए आरोपी को बरी कर दिया है। अदालत ने कहा कि अभियोजन पक्ष आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों को साबित करने में नाकाम रहा। इसी आधार पर उसे दोषमुक्त करने का फैसला लिया गया।
पीड़िता के बयान में कई विसंगतियां सामने आईं और यौन हमले की पुष्टि करने वाला कोई मेडिकल सबूत भी नहीं मिला। कोर्ट ने यह भी माना कि केवल पीड़िता का बयान दोषसिद्धि को बरकरार रखने के लिए पर्याप्त विश्वसनीय नहीं था।
पीटने और दुष्कर्म के नहीं मिले सबूत
जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ ने इस बात पर गौर किया कि पीड़िता ने कार के भीतर मारपीट और कई बार दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया था। हालांकि, मेडिकल जांच में उसके शरीर पर किसी तरह की चोट नहीं मिली।
इसके अलावा, कार के अंदर भी ऐसी कोई जांच नहीं की गई, जिससे मारपीट या कथित यौन संबंध के सबूत मिल सकें।
पीड़िता के बयान पर नहीं हुआ विश्वास
अदालत ने कहा कि पीड़िता के बयान में कई तरह की विसंगतियां हैं। ऐसे में आरोपी को उसके खिलाफ लगाए गए आरोपों के लिए दोषी नहीं ठहराया जा सकता।
कोर्ट के मुताबिक, पीड़िता के बयान के अलावा आरोपी के खिलाफ ऐसा कोई अन्य सबूत मौजूद नहीं है, जिससे उसका अपराध साबित हो सके।
कार के अंदर से नहीं मिले सबूत
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि जांच अधिकारी (IO) ने कार को जब्त करने के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी। न ही वाहन के अंदर ऐसी कोई जांच की गई, जिससे मारपीट या कथित यौन संबंध के निशान मिल पाते।
अदालत ने स्पष्ट किया कि केवल पीड़िता के बयान के आधार पर किसी को दोषी नहीं ठहराया जा सकता। उसका बयान इतना ठोस और भरोसेमंद नहीं था कि उसके आधार पर सजा को बरकरार रखा जा सके।
यह है पूरा मामला
यह मामला 17 अगस्त 2019 की घटना से जुड़ा है। आरोप था कि आरोपी ने पीड़िता को अपनी कार में लिफ्ट दी थी। इसके बाद उसने उसे चिप्स और सॉफ्ट ड्रिंक दी। इन्हें खाने के बाद पीड़िता बेहोश हो गई और फिर दो अलग-अलग जगहों पर उसका यौन उत्पीड़न किया गया।
ट्रायल कोर्ट ने आरोपी को IPC की धारा 376(1) के तहत दोषी ठहराया था। इसके बाद गुवाहाटी हाई कोर्ट ने उम्र से जुड़े सबूत नहीं होने के कारण पॉक्सो के आरोप हटा दिए, लेकिन दुष्कर्म के मामले में दोषसिद्धि बरकरार रखी।
हाई कोर्ट के इस फैसले के खिलाफ अपील दायर की गई थी, जिस पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने आरोपी को बरी कर दिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.