आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका, रिहाई का आदेश रद्द, एक महीने में करना होगा सरेंडर

HIGHLIGHTS
- सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व सांसद आनंद मोहन की रिहाई का फैसला रद्द किया।
- अदालत ने आनंद मोहन को एक महीने के भीतर आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया।
- मामला 1994 में तत्कालीन DM जी कृष्णैया की हत्या से जुड़ा है।
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व सांसद आनंद मोहन को बड़ा झटका देते हुए बिहार सरकार के 2023 के उस फैसले को निरस्त कर दिया है, जिसके आधार पर उन्हें सजा में छूट देकर जेल से रिहा किया गया था। यह मामला वर्ष 1994 में गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी कृष्णैया की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या किए जाने से जुड़ा है। शीर्ष अदालत ने आनंद मोहन को एक महीने के अंदर आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है।
सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि बिहार सरकार ने वर्ष 2023 में सजा में छूट देने से जुड़ी नीति में संशोधन किया था। इसके तहत सरकारी कर्मचारियों की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे दोषियों को भी समय से पहले रिहाई के लिए छूट मांगने का अधिकार दे दिया गया था। अदालत ने इस संशोधन को असंवैधानिक घोषित कर दिया है।
हालांकि, शीर्ष अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार नए सिरे से सजा में छूट देने की प्रक्रिया पर विचार कर सकती है। इस दौरान मृत अधिकारी की पत्नी और याचिकाकर्ता को अपना पक्ष रखने का अवसर देना अनिवार्य होगा।
किसकी याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने सुनाया फैसला?
न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति शील नागू की पीठ ने इस मामले में फैसला सुनाया। अदालत ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारी जी कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया की याचिका को स्वीकार कर लिया।
गौरतलब है कि वर्ष 1994 में आनंद मोहन के नेतृत्व वाली भीड़ ने तत्कालीन जिलाधिकारी जी कृष्णैया पर हमला किया था, जिसमें उनकी हत्या हो गई थी। इस मामले में आनंद मोहन को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी।
हालांकि, बिहार सरकार की ओर से सजा में छूट दिए जाने के बाद आनंद मोहन 24 अप्रैल 2023 को जेल से बाहर आ गए थे। उस समय तक वह करीब 14 साल की सजा काट चुके थे।
फैसले की शुरुआत में किसका दिया गया हवाला?
न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता ने अपने फैसले की शुरुआत अमेरिका के 26वें राष्ट्रपति थियोडोर रूजवेल्ट के एक कथन से की। इस कथन का आशय है कि न्याय के पक्ष में खड़ा होना जरूरी है। सही और गलत के बीच चुप रहकर तटस्थ बने रहना उचित नहीं है।
पीठ ने कहा कि सच्चाई सामने लाने और कानून के तहत दिए गए अधिकारों की सुरक्षा करने के लिए अदालत को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। साथ ही, अदालत ने स्पष्ट किया कि सजा में छूट देने पर विचार करने से पहले पीड़ित को अपनी बात रखने का अवसर मिलना चाहिए। हालांकि, पीड़ित की आपत्ति को ऐसा अधिकार नहीं माना जा सकता, जिससे अंतिम निर्णय को रोका जा सके।
बिहार सरकार की सजा में छूट की नीति में बदलाव असंवैधानिक क्यों?
सुप्रीम कोर्ट ने अप्रैल 2023 में बिहार सरकार की ओर से सजा में छूट की नीति में किए गए संशोधन को असंवैधानिक करार दिया। इस बदलाव के बाद सरकारी कर्मचारियों की हत्या के मामलों में उम्रकैद की सजा पाए दोषियों को भी सजा में छूट के लिए आवेदन करने की अनुमति मिल गई थी।
अदालत ने कहा कि यह संशोधन बिना किसी स्पष्ट उद्देश्य या उचित कारण के अचानक किया गया था। राज्य सरकार भी इसके पीछे किसी तर्कसंगत और वैध सार्वजनिक हित को साबित नहीं कर पाई।
इन्हीं आधारों पर सुप्रीम कोर्ट ने इस बदलाव को संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 का उल्लंघन माना।
पहले बिहार में सजा में छूट का क्या था नियम?
बिहार सरकार की पहले की सजा में छूट नीति के अनुसार, ड्यूटी के दौरान सरकारी कर्मचारियों की हत्या करने के दोषी समय से पहले रिहाई के पात्र नहीं थे। ऐसे दोषियों को कम से कम 20 साल की सजा पूरी करनी पड़ती थी। लेकिन अप्रैल 2023 में राज्य सरकार ने नीति में संशोधन करते हुए इस प्रतिबंध को हटा दिया था। इसी बदलाव के बाद आनंद मोहन की रिहाई का रास्ता साफ हुआ था।
बिहार गृह विभाग (कारागार) की ओर से 10 अप्रैल 2023 को जारी परिपत्र के जरिए बिहार जेल नियमावली, 2012 के नियम 481(1)(ए) में बदलाव किया गया था। इसके बाद ड्यूटी के दौरान सरकारी कर्मचारी की हत्या के दोषियों को भी सजा में छूट पाने के योग्य बना दिया गया।
उमा कृष्णैया ने इसी परिपत्र को अदालत में चुनौती दी थी। इसके साथ ही उन्होंने आनंद मोहन की समय से पहले हुई रिहाई के फैसले को भी चुनौती दी थी।
उमा कृष्णैया ने सरकार के फैसले पर क्या उठाए थे सवाल?
याचिकाकर्ता उमा कृष्णैया ने बिहार सरकार के फैसले को बाहरी कारणों से प्रभावित बताया था। उनका आरोप था कि सजा में छूट देने का निर्णय लेते समय सरकार ने कई जरूरी पहलुओं पर ध्यान नहीं दिया। इनमें कैदी का जेल में व्यवहार और उसका पिछला आपराधिक रिकॉर्ड भी शामिल था।
याचिका में यह भी दलील दी गई थी कि आनंद मोहन की रिहाई का रास्ता बनाने के लिए सजा में छूट की नीति में बदलाव करना जनहित के खिलाफ है। इससे सरकारी कर्मचारियों का मनोबल भी प्रभावित हो सकता है।
याचिकाकर्ता का कहना था कि दोषी को सजा में छूट देने का फैसला उसी नीति के आधार पर होना चाहिए, जो अपराध किए जाने के समय लागू थी।
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने क्या टिप्पणी की थी?
इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने 16 जुलाई को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। सुनवाई के दौरान अदालत ने कुछ मौखिक टिप्पणियां भी की थीं।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि पटना हाईकोर्ट की उस टिप्पणी से वह चिंतित है, जिसमें कहा गया था कि किसी सरकारी कर्मचारी की हत्या को 'दुर्लभ से दुर्लभतम' श्रेणी में नहीं रखा जा सकता।
शीर्ष अदालत ने आशंका जताई थी कि इस तरह की टिप्पणी से अपराधियों को सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ अपराध करने के लिए प्रोत्साहन मिल सकता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.