हिंद महासागर देशों को जोड़ने का माध्यम बने, बांटने का नहीं: अजीत डोभाल

HIGHLIGHTS
- भारत हिंद महासागर क्षेत्र की सुरक्षा और क्षेत्रीय सहयोग मजबूत करने पर जोर दे रहा है।
- एनएसए अजीत डोभाल ने मालदीव के माले में आठवें कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव में हिस्सा लिया।
- डोभाल ने कहा कि हिंद महासागर देशों को जोड़ने का माध्यम बने, बांटने का नहीं।
नई दिल्ली। हिंद महासागर क्षेत्र की सुरक्षा को मजबूत बनाने और आपसी सहयोग को विस्तार देने के लिए भारत लगातार प्रयास कर रहा है। एक ओर अमेरिका चीन के साथ रिश्ते सुधारने की कोशिश कर रहा है और हिंद-प्रशांत क्षेत्र को लेकर उसकी आगे की रणनीति अभी स्पष्ट नहीं है। वहीं, भारत हिंद महासागर से जुड़े सुरक्षा मुद्दों पर क्षेत्रीय देशों को एकजुट करने और आपसी सहयोग बढ़ाने पर ध्यान दे रहा है।
बुधवार को मालदीव की राजधानी माले में आयोजित आठवें कोलंबो सिक्योरिटी कॉन्क्लेव (सीएससी) में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल ने कहा कि हिंद महासागर देशों को आपस में जोड़ने का माध्यम होना चाहिए, न कि उन्हें अलग करने का।
उन्होंने कहा कि सीएससी भारत की ‘नेबरहुड फर्स्ट’ नीति और ‘महासागर’ (म्यूचुअल एंड होलिस्टिक एडवांसमेंट फॉर सिक्योरिटी एंड ग्रोथ) विजन का संगम है। भारत सीएससी के सदस्य देशों के साथ मिलकर उभरती गंभीर सुरक्षा चुनौतियों का सामना करने की सामूहिक क्षमता बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। डोभाल ने श्रीलंका, मालदीव और अन्य देशों के साथ सहयोग को और मजबूत करने का भरोसा दिलाया। साथ ही, इस समूह को सामूहिक सुरक्षा के प्रभावी माध्यम के रूप में विकसित करने में भारत की ओर से पूरा सहयोग देने की बात कही।
सीएससी में छह सदस्य देश शामिल हैं। इनमें भारत, श्रीलंका, मालदीव, मारीशस, बांग्लादेश और सेशेल्स हैं। यह समूह पांच प्रमुख क्षेत्रों में काम करता है। इनमें समुद्री सुरक्षा, आतंकवाद और कट्टरता से मुकाबला, तस्करी तथा सीमा पार संगठित अपराध पर रोक, साइबर सुरक्षा और मानवीय सहायता एवं आपदा राहत शामिल हैं।
हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की अध्यक्षता
हिंद महासागर के तटीय देशों का प्रमुख क्षेत्रीय संगठन इंडियन ओशन रिम एसोसिएशन (आईओआरए) वर्ष 1997 में स्थापित किया गया था। इस संगठन में 23 सदस्य देश हैं। भारत नवंबर 2025 से 2027 तक इसकी अध्यक्षता कर रहा है। इस दौरान संगठन की थीम ‘इनोवेशन, ओपननेस, रेजिलिएंस एंड एडाप्टेबिलिटी इन द इंडियन ओशन रीजन’ रखी गई है।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, नई दिल्ली में 25 और 26 नवंबर को आईओआरए की 29वीं सीनियर ऑफिशियल्स कमेटी (सीएसओ) की बैठक आयोजित की जा रही है। इसके बाद 27 नवंबर को 25वीं काउंसिल ऑफ मिनिस्टर्स (सीओएम) की बैठक होगी। इन बैठकों में कई देशों के विदेश मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं।
इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, स्थिरता, पूर्वानुमेयता और सतत विकास को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही खुले, समावेशी और नियम-आधारित समुद्री व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों को आगे बढ़ाना भी इसका लक्ष्य है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.