करतारपुर साहिब कॉरिडोर खोलने की मांग पर दिल्ली हाईकोर्ट का हस्तक्षेप से इनकार

HIGHLIGHTS
- दिल्ली हाईकोर्ट ने करतारपुर साहिब कॉरिडोर दोबारा खोलने की मांग पर हस्तक्षेप से इनकार किया।
- अदालत ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद कॉरिडोर बंद करने के केंद्र के फैसले को नीतिगत निर्णय बताया।
- केंद्र सरकार ने 7 मई 2025 से कॉरिडोर की सेवाएं स्थगित की थीं।
दिल्ली हाईकोर्ट ने पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा दरबार साहिब करतारपुर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए करतारपुर साहिब कॉरिडोर को फिर से खोलने की मांग पर केंद्र सरकार के फैसले में दखल देने से इनकार कर दिया है। अदालत ने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद कॉरिडोर की सेवाएं बंद करने का निर्णय केंद्र सरकार ने देश के नागरिकों के हितों को ध्यान में रखकर लिया था। यह सरकार का नीतिगत फैसला है और इसमें अदालत के असाधारण अधिकार क्षेत्र के तहत हस्तक्षेप करने का कोई आधार नहीं है।
दिल्ली हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति नितिन वासुदेव सांब्रे और न्यायमूर्ति संजय शर्मा की पीठ ने बुधवार को इस मामले में दायर जनहित याचिका पर सुनवाई के दौरान यह टिप्पणी की। यह याचिका गैर-सरकारी संगठन पारदर्शिता पब्लिक वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से दाखिल की गई थी। इसमें सिख श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था और भावनाओं को ध्यान में रखते हुए करतारपुर साहिब कॉरिडोर को दोबारा शुरू करने की मांग की गई थी।
सुनवाई के दौरान पीठ ने कहा कि करतारपुर साहिब कॉरिडोर की शुरुआत सिख श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने और उन्हें प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से की गई थी। हालांकि, अदालत के सामने मौजूद रिकॉर्ड से पता चलता है कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने 7 मई 2025 से कॉरिडोर की सेवाएं स्थगित करने का नीतिगत फैसला लिया था।
पीठ ने कहा कि यह निर्णय देश के नागरिकों के हितों को ध्यान में रखकर किया गया था। जब सरकार ने नागरिकों के हित में नीतिगत फैसला लिया है, तो अदालत के पास अपने असाधारण रिट अधिकार क्षेत्र का इस्तेमाल करते हुए उसमें हस्तक्षेप करने का कोई आधार नहीं है।
हालांकि, अदालत ने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार के समक्ष याचिकाकर्ता की ओर से दिया गया प्रतिवेदन अभी लंबित है और संबंधित अधिकारी उस पर विचार करेंगे। इन टिप्पणियों के साथ ही हाईकोर्ट ने जनहित याचिका का निपटारा कर दिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.