पहाड़ों पर बर्फबारी से बढ़ी ठंड, मैदानों में बारिश के आसार; दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में बदलेगा मौसम

HIGHLIGHTS
- हिमाचल प्रदेश के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
- आदि कैलाश क्षेत्र में तीन से चार फीट तक बर्फ जमा है।
- चीरबासा में मलबा आने से केदारनाथ यात्रा तीन घंटे बाधित रही।
उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में ओलावृष्टि व बर्फबारी के कारण मौसम में अचानक बदलाव आया है। वहीं, पूर्वी और दक्षिणी राज्यों में तेज बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार में भारी बारिश दर्ज की गई। कई क्षेत्रों में 12 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश होने से फसलों को नुकसान पहुंचा है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिमोत्तर उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में तेज हवाएं भी चली हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ और वायुमंडलीय हलचल के प्रभाव से मौसम में यह बदलाव आया है। हिमाचल प्रदेश की ऊझी घाटी में मनाली सहित कई स्थानों पर शनिवार दोपहर बाद बारिश हुई। रोहतांग, कुंजम दर्रा, बारालाचा और शिंकुला सहित ऊंची चोटियों पर बर्फबारी दर्ज की गई। इन क्षेत्रों में शुक्रवार रात भी बर्फ के फाहे गिरे थे।
बारिश और बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट आई है। जनजातीय क्षेत्र कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान गिरकर 1.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। राज्य में 16 अक्टूबर तक मौसम खराब रहने का अनुमान है। इस दौरान ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी, जबकि मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। 13 और 14 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर अंधड़ को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
आदि कैलाश में फिर हुई बर्फबारी
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में 14,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित आदि कैलाश में शनिवार को फिर ताजा हिमपात हुआ। बर्फबारी के कारण कैलाश पर्वत के दर्शन नहीं हो सके और यात्रियों को निराश होकर लौटना पड़ा। हालांकि, दोपहर बाद मौसम खुलने पर 100 से अधिक यात्रियों ने आदि कैलाश के दर्शन किए।
आदि कैलाश क्षेत्र में अभी भी तीन से चार फीट तक बर्फ जमी हुई है। लगातार हो रही बर्फबारी के कारण यहां तापमान माइनस दो से माइनस तीन डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इससे क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
मलबा आने से तीन घंटे बाधित रही केदारनाथ यात्रा
रुद्रप्रयाग में केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा के पास मलबा और पत्थर आने के कारण शनिवार सुबह छह बजे से नौ बजे तक यात्रियों की आवाजाही रोकनी पड़ी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गौरीकुंड और सोनप्रयाग में यात्रियों को रोका गया।
सुबह नौ बजे मार्ग खुलने के बाद आवाजाही फिर से सुचारु कर दी गई। बीते दिन हुई तेज बारिश के बाद रात में चीरबासा के पास मलबा आने से पैदल मार्ग अवरुद्ध हो गया था।
अगले कुछ दिनों तक बदला रहेगा मौसम
उत्तर भारत के पर्वतीय और मैदानी इलाकों में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहने का अनुमान है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत मैदानी राज्यों में 16 अक्टूबर तक रुक-रुककर बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। इन क्षेत्रों में 11 अक्टूबर और 14-15 अक्टूबर को भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
वहीं, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजधानी दिल्ली में 16 अक्टूबर तक छिटपुट बारिश होने का अनुमान है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.