रियाद एयरपोर्ट पर हमलों की भारत ने की कड़ी निंदा, कहा- आम लोगों को निशाना बनाना बंद हो

HIGHLIGHTS
- हमलों में 12 लोगों की मौत, 300 से अधिक घायल।
- भारत ने सऊदी अरब के प्रति एकजुटता जताई।
- अमेरिका ने भी हमलों की निंदा की।
नई दिल्ली। सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए सिलसिलेवार हमलों की भारत ने रविवार को कड़ी निंदा की। इन हमलों में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 300 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि भारत पिछले कुछ दिनों में रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमलों, खासकर 10 अक्टूबर को हुए हमले की कड़े शब्दों में निंदा करता है। मंत्रालय ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
भारत ने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों के ठिकानों को निशाना बनाना पूरी तरह अस्वीकार्य है और ऐसे हमले तत्काल बंद होने चाहिए। साथ ही, भारत ने सऊदी अरब की संप्रभुता के प्रति समर्थन जताते हुए क्षेत्र में जल्द शांति और सामान्य स्थिति बहाल होने की उम्मीद व्यक्त की।
अमेरिका ने भी हमलों की निंदा की
रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमलों की अमेरिका ने भी निंदा की है। हूती विद्रोहियों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई में वाशिंगटन की संभावित भागीदारी को लेकर पूछे गए सवाल पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि इस पर विचार किया जा रहा है और जल्द फैसला लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और हमले को बेहद भयावह बताया।
बीते एक सप्ताह में किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को कई बार निशाना बनाया गया है। ये हमले यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के खिलाफ सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के बड़े सैन्य अभियान के बाद शुरू हुए।
सऊदी नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के मुताबिक, इससे पहले 6 और 7 अक्टूबर को रियाद और आभा एयरपोर्ट पर हुए हमलों में तीन लोगों की मौत हुई थी, जबकि 36 लोग घायल हुए थे।
ताजा हमले के बाद एयरपोर्ट का संचालन रोका गया
ताजा हमले के बाद सुरक्षा कारणों से एयरपोर्ट का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत कार्य के लिए घटनास्थल पर दर्जनों एंबुलेंस तैनात रहीं। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को घर से निकलने से पहले संबंधित एयरलाइंस से अपनी फ्लाइट की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी।
फ्लाइट ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म Flightradar24 के अनुसार, रियाद आने वाली उड़ानों को दूसरे शहरों की ओर मोड़ दिया गया। वहीं, FlightAware के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कम से कम 225 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.