उज्जैन जाते समय भीषण हादसा, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर छवि और मां सारिका की मौत

HIGHLIGHTS
- रामाखेड़ी गांव के पास कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी।
- छवि वार्ष्णेय की उम्र 22 वर्ष और उनकी मां सारिका की उम्र 47 वर्ष थी।
- हादसे में पिता श्यामबाबू लाल गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
हाथरस। सोशल मीडिया पर चर्चित छवि वार्ष्णेय (22) और उनकी मां सारिका (47) की उज्जैन जाते समय गरोठ हाईवे पर सड़क हादसे में मौत हो गई। मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले के हाईवे पर मंगलवार सुबह छवि की कार पीछे से एक ट्रक में जा घुसी।
कार में छवि और उनकी मां सारिका के अलावा पिता श्यामबाबू लाल (49) और ससुर सूरजपाल (53), निवासी मुरवार गोंडा, अलीगढ़ भी सवार थे। फेफड़े फटने के कारण पिता श्यामबाबू को उज्जैन के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। समधी सूरजपाल और कार चालक सचिन (30) खतरे से बाहर हैं।
हाथरस जंक्शन के गांव महौ निवासी श्याम बाबूलाल किराना कारोबारी हैं। उनके दो बच्चों में बड़ा बेटा कृष्णा भी कारोबार संभालता है। बेटी छवि पढ़ाई के साथ सोशल मीडिया एप इंस्टाग्राम और स्नैपचैट पर इन्फ्लुएंसर थीं। सोशल मीडिया के जरिए उन्होंने पूरे जिले में पहचान बनाई थी।
इसी वजह से मध्य प्रदेश में हुए इस हादसे की खबर कुछ ही घंटों में सोशल मीडिया के साथ पूरे जिले में फैल गई। जानकारी के अनुसार, परिवार ने उज्जैन में दर्शन-पूजन का कार्यक्रम बनाया था। सोमवार सुबह कृष्णा के ससुर सूरजपाल अपनी अर्टिगा कार लेकर पहुंचे थे।
इसके बाद श्यामबाबू लाल, उनकी पत्नी सारिका और बेटी छवि उज्जैन के लिए रवाना हुए। सोमवार शाम परिवार ने राजस्थान में मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन किए। वहां कुछ देर आराम करने के बाद देर रात उज्जैन के लिए निकल गए।
मंगलवार सुबह करीब छह बजे उज्जैन से लगभग 70 किलोमीटर पहले आगर मालवा के बड़ौद क्षेत्र में गांव रामाखेड़ी के पास कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में छवि उछलकर दूर जा गिरीं, जबकि उनकी मां सारिका कार में ही फंस गईं। श्यामबाबू और सूरजपाल को भी गंभीर चोटें आईं, जबकि चालक सचिन को मामूली चोट लगी। छवि और सारिका ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गांव से परिजन आगर मालवा के लिए रवाना हुए और देर शाम वहां पहुंचे।
YouTube पर 7.76 लाख, Instagram पर 20 लाख फॉलोअर्स
महौ जैसे ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर छवि वार्ष्णेय ने सोशल मीडिया पर अपनी अलग पहचान बनाई थी। उनके YouTube पर 7.76 लाख फॉलोअर्स थे। फरवरी में उनका एक गाना भी जारी हुआ था, जिसे पांच लाख से अधिक व्यूज मिले। वहीं, Instagram पर उनके 20 लाख फॉलोअर्स बताए गए हैं।
भाजपा की जिला महामंत्री रह चुकी थीं सारिका
छवि की मां सारिका भाजपा के महिला मोर्चा में जिला महामंत्री भी रह चुकी थीं। घटना के बाद दिनभर श्यामबाबू के घर पर सांत्वना देने वालों की भीड़ लगी रही। श्यामबाबू और उनके भाइयों की दुकानें मुख्य बाजार में हैं, जहां भी सन्नाटा पसरा रहा।
खबर सुनकर हर कोई रह गया स्तब्ध
हादसे की जानकारी मिलते ही महौ गांव में शोक की लहर दौड़ गई। आसपास की दुकानें भी बंद रहीं। बड़ी संख्या में व्यापारी श्यामबाबू के घर पहुंचे। हर कोई घटना से स्तब्ध नजर आया। घर पर श्यामबाबू के भाई और भतीजे मौजूद थे।
बेटे-बहू को नहीं दी गई मौत की जानकारी
श्यामबाबू के इकलौते बेटे कृष्णा और उनकी पत्नी को बहन छवि और मां सारिका की मौत की जानकारी नहीं दी गई थी। कृष्णा को केवल यह बताया गया कि हादसा हुआ है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.