डिजिटल पुस्तकालयों की धीमी रफ्तार पर ओम प्रकाश राजभर नाराज, 10 दिन में काम पूरा करने के निर्देश

HIGHLIGHTS
- समीक्षा बैठक गुरुवार को विधान भवन में आयोजित की गई।
- बैठक में पंचायती राज विभाग के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
- यूपीएलसी, यूपीडेस्को और अपट्रान पावरट्रानिक्स के अधिकारी भी मौजूद रहे।
लखनऊ। ग्राम पंचायतों में डिजिटल पुस्तकालय स्थापित करने की रफ्तार धीमी होने पर पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने नाराजगी जताई है। उन्होंने उत्तर प्रदेश डेवलपमेंट सिस्टम्स कारपोरेशन (यूपीडेस्को) को निर्देश दिया कि पहले चरण में चयनित 11,350 पंचायतों में से बची हुई 9,350 पंचायतों में डिजिटल पुस्तकालय स्थापित करने का काम 10 दिनों के भीतर पूरा किया जाए।
मंत्री ने डिजिटल पुस्तकालय योजना के दूसरे चरण को लेकर राज्य सरकार की आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र की तीन संस्थाओं के साथ चर्चा करने और एक सप्ताह के भीतर कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
गुरुवार को विधान भवन स्थित मंत्री के कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में पंचायती राज विभाग के अधिकारियों के अलावा यूपी इलेक्ट्रानिक्स कारपोरेशन (यूपीएलसी), यूपीडेस्को और अपट्रान पावरट्रानिक्स लिमिटेड के अधिकारी मौजूद रहे।
समीक्षा के दौरान मंत्री और पंचायती राज विभाग के प्रमुख सचिव रविंद्र ने यूपीएलसी, यूपीडेस्को तथा अपट्रान पावरट्रानिक्स के अधिकारियों को दूसरे चरण के डिजिटल पुस्तकालयों के लिए एक सप्ताह के भीतर कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा।
डिजिटल सेवाओं से जुड़ी योजनाओं में तेजी के निर्देश
ओम प्रकाश राजभर ने पंचायतों में डिजिटल सेवाओं के विस्तार से जुड़ी योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने आधार सेवा केंद्र, ग्राम पंचायत सचिवों को स्मार्ट फोन उपलब्ध कराने, मुख्यमंत्री ग्राम सौर योजना और स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के कार्यक्रमों को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
बैठक में निदेशक पंचायती राज अमित कुमार सिंह, यूपीएलसी की प्रबंध निदेशक जसजीत कौर, यूपीडेस्को की प्रबंध निदेशक आकांक्षा राना और अपट्रान पावरट्रानिक्स के उप प्रबंधक रतन सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.