दिल्ली में आज से 35 रुपये किलो मिलेगा प्याज, इन शहरों में भी सस्ती बिक्री

HIGHLIGHTS
- दिल्ली में गुरुवार से 35 रुपये किलो प्याज की सब्सिडी बिक्री शुरू होगी।
- 21 लाख टन के बफर स्टॉक से प्याज बाजार में उतारा जा रहा है।
- नाफेड, एनसीसीएफ और केंद्रीय भंडार के जरिए होगी खुदरा बिक्री।
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुवार से 35 रुपये प्रति किलोग्राम की सब्सिडी दर पर प्याज की खुदरा बिक्री शुरू करने का फैसला किया है। दिल्ली के साथ-साथ चेन्नई, मदुरै, एर्नाकुलम और गुवाहाटी के लिए भी प्याज की आपूर्ति भेजी जा रही है।
केंद्रीय खाद्य मंत्री प्रल्हाद जोशी गुरुवार को सब्सिडी दर पर प्याज की बिक्री की शुरुआत करेंगे। उपभोक्ता मामले मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। बाजार में बिक्री के लिए भेजा जा रहा प्याज उत्पादक राज्यों में 2026 के लिए रखे गए 1.21 लाख टन के बफर स्टॉक से लिया गया है। इसकी खुदरा बिक्री नाफेड, एनसीसीएफ और केंद्रीय भंडार के जरिए की जाएगी।
एनसीसीएफ के प्रबंध निदेशक एनिस जोसेफ चंद्रा ने पीटीआई को बताया कि दिल्ली में गुरुवार से रियायती दर पर प्याज की बिक्री शुरू होगी। सप्ताहांत तक इसे एनसीआर के अन्य इलाकों में भी बढ़ाया जाएगा। एनसीसीएफ के पास 62 हजार टन प्याज का बफर स्टॉक है।
महाराष्ट्र के नासिक से कांदा एक्सप्रेस के जरिए 400 टन प्याज दिल्ली लाया जा रहा है। इसके गुरुवार तक दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है। सहकारी एजेंसी 100 केंद्रीय भंडार स्टोर के माध्यम से प्याज की खुदरा बिक्री करेगी।
इसके अलावा, 300 आउटलेट के जरिए बिक्री के लिए मदर डेयरी के साथ बातचीत की जा रही है। इसके साथ ही मोबाइल वैन भी तैनात की जा रही हैं।
शुरुआत में 15 मोबाइल वैन संचालित की जाएंगी और इनकी संख्या परसों तक बढ़ाकर 40 कर दी जाएगी। चंद्रा ने बताया कि रेल रेक से आने वाली प्याज की आपूर्ति का इस्तेमाल चंडीगढ़, लुधियाना, वाराणसी और अन्य शहरों में बिक्री के लिए भी किया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.