प्रत्याशी हमारा, सिंबल आपका! यूपी चुनाव में भाजपा-रालोद अपनाएंगे सीट बंटवारे का नया फॉर्मूला?

HIGHLIGHTS
- यूपी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा और रालोद के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत शुरू।
- गठबंधन में ‘प्रत्याशी हमारा, सिंबल आपका’ फॉर्मूला लागू होने की संभावना।
- भाजपा के कई नेता रालोद के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ सकते हैं।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा और रालोद के बीच सीटों के बंटवारे में ‘प्रत्याशी हमारा, सिंबल आपका’ का फॉर्मूला अपनाया जा सकता है। इसके तहत भाजपा के कई नेता रालोद के चुनाव चिह्न पर चुनाव मैदान में उतर सकते हैं।
विधानसभा चुनाव को लेकर दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत शुरू हो चुकी है। रालोद को कितनी सीटें मिलेंगी, इसकी घोषणा दिसंबर के दूसरे सप्ताह तक होने की संभावना है। हालांकि, फिलहाल केवल सीटों की संख्या बताई जाएगी। किन सीटों पर कौन चुनाव लड़ेगा, इसका खुलासा चुनाव की घोषणा के साथ ही किया जाएगा।
इसी बीच रालोद अध्यक्ष और केंद्रीय राज्यमंत्री चौधरी जयंत सिंह का एक बयान चर्चा में है। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इसमें उन्होंने कहा है कि जनाधार वाली कुछ सीटों के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को धैर्य रखना होगा।
जयंत सिंह के इस बयान के बाद माना जा रहा है कि बागपत, मुजफ्फरनगर, मथुरा और शामली समेत कई सीटों पर भाजपा के नेता रालोद के चुनाव चिह्न पर मैदान में उतर सकते हैं। रालोद जिलाध्यक्ष डॉ. सुभाष गुर्जर का कहना है कि सीटों का बंटवारा केंद्रीय समिति के स्तर पर तय होगा और इस संबंध में वहीं बातचीत की जाएगी।
2022 में रालोद के सिंबल पर चुनाव लड़े थे सपा के प्रत्याशी
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भी इसी तरह सपा के कई प्रत्याशी रालोद के चुनाव चिह्न पर मैदान में उतरे थे। सिवालखास सीट से सपा के गुलाम मोहम्मद ने रालोद के सिंबल पर चुनाव लड़ा था।
इसके अलावा मीरापुर से चंदन चौहान, पुरकाजी से अनिल कुमार और मुरादनगर से सुरेंद्र कुमार मुन्नी समेत कई अन्य प्रत्याशियों ने भी सपा में रहते हुए रालोद के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ा था।
हालांकि, गुलाम मोहम्मद, चंदन चौहान और अनिल कुमार चुनाव जीतने के बाद भाजपा के साथ गठबंधन होने पर रालोद के साथ ही बने रहे।
मुस्लिम प्रत्याशियों को भी टिकट दे सकते हैं जयंत
रालोद अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह ने एक साक्षात्कार में कहा है कि पिछले चुनाव में मुस्लिम मतदाताओं ने उन्हें वोट दिया था और इस बार भी उन्हें मुस्लिमों का समर्थन मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि गठबंधन होने के बावजूद भाजपा और रालोद के संगठन अलग-अलग हैं। रालोद मुस्लिम प्रत्याशियों को टिकट देकर चुनाव लड़ाएगा।
साक्षात्कार के दौरान जयंत सिंह ने सपा के साथ गठबंधन के समय हर मामले में उसके हस्तक्षेप का भी जिक्र किया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.