हादसे में कट गया था जवान का हाथ, सेना के डॉक्टरों ने 11 घंटे ऑपरेशन कर बचाई जिंदगी

HIGHLIGHTS
- हिमाचल प्रदेश के बर्फीले इलाके में हादसे के दौरान लांस नायक बीरपाल सिंह का दाहिना हाथ कट गया था।
- सेना के पायलटों ने उन्हें एयरलिफ्ट कर उधमपुर स्थित नॉर्दर्न कमांड अस्पताल पहुंचाया।
- डॉक्टरों की टीम ने करीब 11 घंटे तक जटिल सर्जरी की।
उधमपुर: सेना के डॉक्टरों और चिकित्सा टीम ने अपनी असाधारण कुशलता और समर्पण से एक जवान को स्थायी विकलांगता का शिकार होने से बचा लिया। हिमाचल प्रदेश के दुर्गम बर्फीले इलाके में हुए हादसे में लांस नायक बीरपाल सिंह का दाहिना हाथ शरीर से अलग हो गया था। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर स्थित उत्तरी कमान अस्पताल में डॉक्टरों ने करीब 11 घंटे तक चली जटिल सर्जरी के बाद उनका हाथ सफलतापूर्वक फिर से जोड़ दिया।
लांस नायक बीरपाल सिंह की तैनाती हिमाचल प्रदेश के बर्फीले क्षेत्र में थी। हादसे के दौरान उन्हें कई फ्रैक्चर और गंभीर चोटें आईं, जबकि उनका दाहिना हाथ शरीर से कटकर अलग हो गया। विषम परिस्थितियों के बीच सेना के पायलटों ने उन्हें एयरलिफ्ट कर उधमपुर के कमांड अस्पताल पहुंचाया।
ऑर्थोपेडिक विभाग के ग्रेडेड स्पेशलिस्ट लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. धैर्य खेरा ने बताया कि सबसे पहले ऑर्थोपेडिक सर्जरी टीम ने हड्डियों और फ्रैक्चर को स्थिर किया। इसके बाद प्लास्टिक सर्जरी टीम ने कटे हुए हाथ को दोबारा जोड़ने की जटिल प्रक्रिया को अंजाम दिया।
माइक्रोस्कोप की मदद से जोड़ी गईं बारीक रक्त वाहिकाएं
मेजर डॉ. सुनील एनपी ने बताया कि मेडिकल, ऑर्थोपेडिक और सर्जिकल टीमों ने मिलकर करीब 11 घंटे तक ऑपरेशन किया। इस दौरान टूटी हुई हड्डियों को जोड़ने के साथ माइक्रोस्कोप की सहायता से बेहद बारीक रक्त वाहिकाओं को भी जोड़ा गया। इससे जवान के हाथ में दोबारा रक्त संचार शुरू हो सका।
सफल सर्जरी के बाद लांस नायक बीरपाल सिंह की सेहत में लगातार सुधार हो रहा है।
लांस नायक बीरपाल सिंह ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि हाथ दोबारा जुड़ने से वह बेहद खुश हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें एक तरह से नई जिंदगी मिली है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.