अखिलेश यादव का फेसबुक पेज अस्थायी रूप से बंद, सपा ने बताई तकनीकी समस्या

HIGHLIGHTS
- सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का आधिकारिक फेसबुक पेज अस्थायी रूप से बंद हो गया।
- अखिलेश यादव के फेसबुक पेज पर 90 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं।
- सपा ने पेज उपलब्ध नहीं होने के पीछे तकनीकी समस्या बताई है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का आधिकारिक फेसबुक पेज फिलहाल अस्थायी रूप से बंद हो गया है। गौरतलब है कि उन्होंने 20 नवंबर को ही मेटा को चेतावनी देते हुए कहा था कि विदेशी कंपनियां भारत में कारोबार करें, राजनीति नहीं। हालांकि, समाजवादी पार्टी की ओर से आधिकारिक बयान जारी कर बताया गया है कि तकनीकी दिक्कत के चलते राष्ट्रीय अध्यक्ष का फेसबुक पेज फिलहाल उपलब्ध नहीं है। मेटा की ओर से इसे जल्द बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
अखिलेश यादव के फेसबुक पेज पर 90 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। ऐसे में पेज के सस्पेंड होने की खबर से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सपा प्रवक्ता और पूर्व एमएलसी उदयवीर ने इस मामले में भाजपा सरकार पर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि भाजपा सरकार विदेशी कंपनियों पर दबाव बनाकर विपक्ष के प्रमुख नेताओं के साथ भेदभाव करवाती है। उदयवीर के मुताबिक, अखिलेश यादव का फेसबुक अकाउंट सस्पेंड होना इसी का प्रमाण है।
पहले भी निलंबित हो चुका है अखिलेश यादव का अकाउंट
अखिलेश यादव का फेसबुक अकाउंट इससे पहले भी 10 अक्टूबर 2025 को निलंबित हुआ था। हालांकि, मेटा ने अगले ही दिन सुबह इसे दोबारा बहाल कर दिया था।
अब एक बार फिर फेसबुक पेज बंद होने से समाजवादी पार्टी के सामने इस बड़े सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी पहुंच और सक्रियता बनाए रखने की चुनौती खड़ी हो गई है। पार्टी को उम्मीद है कि मेटा जल्द ही राष्ट्रीय अध्यक्ष का आधिकारिक फेसबुक पेज बहाल कर देगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.