छपरा में पाटलिपुत्र-लखनऊ ट्रेन पर पथराव, गेट पर बैठा यूपी का यात्री घायल

HIGHLIGHTS
- घटना छपरा कचहरी और छपरा जंक्शन के बीच हुई
- पाटलिपुत्र-लखनऊ ट्रेन से यात्रा कर रहे थे मोहम्मद वकील
- यात्री ट्रेन के दरवाजे के पास बैठे हुए थे
छपरा। छपरा कचहरी से छपरा जंक्शन के बीच रेलवे ट्रैक के किनारे बैठे असामाजिक तत्वों की हरकत एक बार फिर यात्रियों की सुरक्षा के लिए खतरा बन गई। पाटलिपुत्र-लखनऊ ट्रेन में यात्रा कर रहे उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद निवासी मोहम्मद वकील अचानक बाहर से आए पत्थर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद रेल पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
दरवाजे के पास बैठे यात्री को लगी चोट
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को मोहम्मद वकील पाटलिपुत्र-लखनऊ ट्रेन से सफर कर रहे थे। वह ट्रेन के दरवाजे के पास बैठे थे। जब ट्रेन छपरा कचहरी और छपरा जंक्शन के बीच पहुंची, तभी बाहर से अचानक एक पत्थर फेंका गया। पत्थर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी ट्रेन के गार्ड को दी।
गार्ड ने रेल कंट्रोल को दी जानकारी
यात्री के घायल होने की सूचना मिलने पर ट्रेन के गार्ड ने तुरंत रेल कंट्रोल को इसकी जानकारी दी। घायल यात्री ने सिवान में अपना फर्द बयान दर्ज कराया। इसके बाद फर्द बयान छपरा कचहरी जीआरपी को भेजा गया। इसी आधार पर रेल पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
प्राथमिकी दर्ज, आरोपितों की तलाश में छापेमारी
रेल एसपी वीणा कुमारी के निर्देश पर इंस्पेक्टर बीपी आलोक के निर्देशन में छपरा कचहरी जीआरपी थाने में थानाध्यक्ष शैलेश कुमार तिवारी ने प्राथमिकी दर्ज की।
पुलिस टीम आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। इसके साथ ही रेलवे ट्रैक के आसपास के संवेदनशील स्थानों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
ट्रैक किनारे फ्लैग मार्च, माइकिंग से जागरूकता
घटना के बाद रेल पुलिस और आरपीएफ ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी। आरपीएफ प्रभारी विनोद कुमार यादव, छपरा जीआरपी थानाध्यक्ष गुंजन कुमार और छपरा कचहरी जीआरपी थानाध्यक्ष शैलेश कुमार तिवारी के नेतृत्व में छपरा कचहरी से छपरा जंक्शन तक रेलवे ट्रैक के किनारे फ्लैग मार्च किया गया।
इस दौरान संवेदनशील स्थानों का जायजा लिया गया। माइकिंग के जरिए लोगों से चलती ट्रेन पर पत्थर नहीं फेंकने की अपील की गई। पुलिस ने चेतावनी दी कि पथराव करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.