मणिपुर में फिर हिंसा, दो गुटों के बीच गोलीबारी में एक की मौत; पेट्रोल पंप पर ग्रेनेड धमाका

HIGHLIGHTS
- मणिपुर में हिंसा की दो अलग-अलग घटनाओं से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ी।
- नोनी जिले में दो गुटों के बीच गोलीबारी में एक उग्रवादी की मौत हो गई।
- गोलीबारी में छह अन्य लोग घायल हुए हैं।
मणिपुर। मणिपुर में हिंसा की दो अलग-अलग घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। नोनी जिले में एक सशस्त्र संगठन के दो गुटों के बीच हुई गोलीबारी में एक उग्रवादी की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हुए हैं। वहीं, थौबल जिले में एक तेल पंप के अंदर ग्रेनेड फेंके जाने से धमाका हुआ। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
नोनी में दो गुटों के बीच क्यों हुई गोलीबारी?
पुलिस के अनुसार, शनिवार तड़के नोनी जिले में जेलियांगरोंग यूनाइटेड फ्रंट-कामसन (ZUF-K) और जेलियांगरोंग यूनाइटेड फ्रंट-जेंचुई (ZUF-J) के कैडरों के बीच टकराव हुआ। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से गोलीबारी हुई, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और छह लोग घायल हुए। पुलिस ने मृतक की पहचान 37 वर्षीय जांगैलिंग गोनमेई के तौर पर की है।
पुलिस ने बताया कि घायलों में से पांच को इंफाल स्थित जवाहरलाल नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, सभी की हालत फिलहाल स्थिर है। वहीं, एक अन्य घायल का इलाज इंफाल के ही एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
थौबल में तेल पंप पर ग्रेनेड से धमाका
मणिपुर के थौबल जिले में शनिवार शाम एक अन्य घटना हुई। पुलिस के मुताबिक, कुछ अज्ञात लोगों ने एक तेल पंप को निशाना बनाते हुए ग्रेनेड फेंका। आरोपी शाम करीब 6:30 बजे एक कार से वहां पहुंचे और परिसर में खड़े तेल टैंकर के पास ग्रेनेड फेंक दिया।
धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों की पहचान के लिए तेल पंप और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमले के पीछे कौन लोग थे और इसका मकसद क्या था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.