सीएम सम्राट चौधरी ने पैरा चैंपियंस सोमन राणा और झंडू कुमार को किया पुरस्कृत

HIGHLIGHTS
- 29 अगस्त को पाटलिपुत्र खेल परिसर में आयोजित हुआ समारोह
- सोमन राणा को स्वर्ण पदक के लिए 30 लाख रुपये का चेक मिला
- झंडू कुमार को कांस्य पदक के लिए 15 लाख रुपये दिए गए
पटना। हॉकी के जादूगर स्वर्गीय ध्यानचंद की जयंती और राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त को पाटलिपुत्र खेल परिसर में खेल सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 में पदक जीतने वाले पैरा खिलाड़ियों सोमन राणा और झंडू कुमार को सम्मानित किया।
पुरुषों की F57 शॉट पुट स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले सोमन राणा को मुख्यमंत्री ने 30 लाख रुपये और पुरुष पैरा पावरलिफ्टिंग में कांस्य पदक हासिल करने वाले झंडू कुमार को 15 लाख रुपये का चेक प्रदान किया। दोनों खिलाड़ियों को अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर भी सम्मानित किया गया।
‘दोनों खिलाड़ियों ने देश और बिहार का गौरव बढ़ाया’
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन से देश का गौरव बढ़ा है और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर बिहार को भी सम्मान मिला है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
समारोह में पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश राणा विक्रम सिंह और अन्य अतिथियों ने बिहार के उत्कृष्ट खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट खिलाड़ियों को अपने हाथों से पुरस्कार राशि के चेक देकर उनका उत्साह बढ़ाया।
न्यायाधीश राणा विक्रम सिंह ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल करने के लिए मेहनत, लगातार प्रयास, लगन और धैर्य की अहम भूमिका होती है। खिलाड़ियों के लिए भी यही मूलमंत्र है। उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए भविष्य में भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन करने और राज्य व देश का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।
खेल विभाग के सचिव दीपक आनंद ने बिहार में खेल और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार की ओर से नीतिगत और जमीनी स्तर पर किए जा रहे प्रयासों तथा योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को केवल अपने खेल को बेहतर बनाने पर ध्यान देना चाहिए, ताकि वे राज्य और देश के लिए अधिक से अधिक पदक जीतकर प्रदेश और देश का मान बढ़ा सकें।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण ने उपस्थित लोगों का अभिनंदन किया और सम्मानित किए जाने वाले खिलाड़ियों तथा प्रशिक्षकों का परिचय कराया। उन्होंने बताया कि हर साल राष्ट्रीय खेल दिवस पर खेल सम्मान समारोह आयोजित होता है। इस वर्ष पैरा खिलाड़ियों के सम्मान और प्रोत्साहन के लिए 3 दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर विशेष समारोह आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पिछले एशियन गेम्स में बिहार के पांच खिलाड़ियों ने देश का प्रतिनिधित्व किया था, जबकि इस बार 10 खिलाड़ी देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इनमें चार पैरा खिलाड़ी हैं। उन्होंने इसे बिहार के लिए गर्व की बात बताया।
रवीन्द्रण शंकरण ने कहा कि लक्ष्य 2028 ओलंपिक में बिहार के खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ाना और 2036 ओलंपिक में बिहार के खिलाड़ियों को देश के लिए पदक जीतने योग्य बनाना है। सरकार की ओर से सभी प्रयास इसी लक्ष्य को ध्यान में रखकर किए जा रहे हैं।
वंचित बच्चों को खेलों से जोड़ने की पहल
कार्यक्रम से पहले शनिवार सुबह बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की ओर से राष्ट्रीय खेल दिवस पर विशेष पहल की गई। खेल परिसर के आसपास की झुग्गियों में रहने वाले 100 से अधिक बच्चों को पाटलिपुत्र खेल परिसर में फुटबॉल, क्रिकेट, वॉल क्लाइंबिंग और तीरंदाजी समेत विभिन्न खेलों से परिचित कराया गया। बच्चों को इन खेलों में खेलने का अवसर भी दिया गया।
इस पहल का उद्देश्य वंचित बच्चों को खेल संस्कृति से परिचित कराना और उनमें खेलों के प्रति रुचि व उत्साह बढ़ाना था। इन बच्चों के बीच खेल प्राधिकरण की ओर से फुटबॉल, क्रिकेट बैट, विकेट, टी-शर्ट, टोपी और नाश्ता भी वितरित किया गया।
इन 12 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
- पीयूष राज- एथलेटिक्स
- अल्पना कुमारी- रग्बी
- सपना कुमारी- रग्बी
- श्रुति कुमारी- फुटबॉल
- स्नेहा वर्मा- सेपक टाकरा
- तुषार- फेंसिंग
- मोहम्मद रयान- शतरंज
- झंडू कुमार- पावरलिफ्टिंग
- सोमन राणा- शॉट पुट
- सेतु मिश्रा- एथलेटिक्स
- विभास्कर कुमार- एथलेटिक्स
- सागर प्रकाश- रग्बी
दिव्यांश राज की माताजी और विभास्कर कुमार के पिताजी ने उनकी ओर से सम्मान ग्रहण किया।
प्रशिक्षकों और रेफरी को भी सम्मान
- संदीप कुमार- सचिव, बिहार पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन एवं अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट
- रणजीत राणा- अंतरराष्ट्रीय कबड्डी रेफरी
- सुनील कुमार झा- बिहार के पूर्व हॉकी खिलाड़ी
- गैविन फरेरा- पूर्व ओलंपियन एवं अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी, वर्तमान में हॉकी कोच
- संजय पाठक- संस्थापक एवं मुख्य कोच, रानी लक्ष्मीबाई अकादमी, सीवान
खिलाड़ियों को दी गई खेल किट
खेल छात्रवृत्ति योजना के तहत साइक्लिंग खिलाड़ियों को खेल किट प्रदान की गई। इनमें प्रिंस कुमार, सोनू कुमार, बादल कुमार, रागिनी कुमारी और सृष्टि कुमारी शामिल हैं।
इसके अलावा बिहार स्विमिंग के खिलाड़ी श्रेयांश यादव को भी सम्मानित किया गया। श्रेयांश ने जयपुर में आयोजित 42वीं सब-जूनियर नेशनल एक्वेटिक (तैराकी) चैंपियनशिप की 100 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.