गोपालगंज में दर्दनाक हादसा, शौचालय की टंकी में दम घुटने से चार कामगारों की मौत

HIGHLIGHTS
- सवनही पट्टी गांव में शनिवार दोपहर हुआ दर्दनाक हादसा
- करीब 15 दिन पहले टंकी की ढलाई का काम पूरा हुआ था
- टंकी लंबे समय से बंद होने के कारण गैस जमा होने की बात
गोपालगंज। जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र के सवनही पट्टी गांव में शनिवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। शौचालय की टंकी की सेंट्रिंग खोलने के दौरान जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण दम घुटने से चार कामगारों की मौत हो गई। चारों को बचाने की कोशिश में एक स्थानीय युवक भी जहरीली गैस की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल रेफर किया गया है। एक साथ चार मौतों के बाद गांव और आसपास के इलाकों में मातम पसरा है।
जानकारी के अनुसार, सवनही पट्टी गांव निवासी गयासुद्दीन के मकान में करीब 15 दिन पहले शौचालय की टंकी की ढलाई का काम पूरा हुआ था। शनिवार दोपहर टंकी के भीतर लगी लकड़ी और प्लाई की सेंट्रिंग हटाने के लिए कामगार एक-एक करके अंदर उतरे। बताया जा रहा है कि टंकी लंबे समय से बंद थी, जिसके कारण उसके अंदर जहरीली गैस जमा हो गई थी।
एक-एक कर बेहोश होकर गिरते गए कामगार
पहला मजदूर जैसे ही टंकी के अंदर उतरा, उसका दम घुटने लगा। उसे परेशान होता देखकर उसे बचाने के लिए बाकी कामगार भी एक-एक करके टंकी के अंदर चले गए। जहरीली गैस की चपेट में आने के बाद सभी की हालत बिगड़ गई और वे अंदर ही बेहोश होकर गिर पड़े।
मृतकों की पहचान सवनही पट्टी गांव निवासी रमाशंकर बैठा के पुत्र बंटी बैठा, मकान मालिक गयासुद्दीन मियां के पुत्र टीपू, सवनही वृत्त गांव निवासी विश्वनाथ यादव के पुत्र उमेश यादव और श्रीपुर थाना क्षेत्र के गिदहा गांव निवासी एक अन्य युवक के रूप में हुई है।
चारों कामगारों को डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के दौरान चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। इसी दौरान मंजूर खान के पुत्र सिराज खान भी जहरीली गैस की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों की मदद से सभी को टंकी से बाहर निकालकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, फुलवरिया ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने चारों कामगारों को मृत घोषित कर दिया। घायल सिराज को प्राथमिक उपचार देने के बाद गोपालगंज सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया है। हादसे के बाद सवनही पट्टी गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.