पीलीभीत में बढ़ा शारदा नदी का जलस्तर, बाढ़ का अलर्ट; प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी

HIGHLIGHTS
- बनबसा बैराज से शारदा नदी में दो लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा गया है।
- परिगांव के पास नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है।
- जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने नदी किनारे के इलाकों का निरीक्षण किया।
पीलीभीत। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच शारदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। परिगांव के पास नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। बनबसा बैराज से शारदा नदी में दो लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़े जाने के बाद प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। नदी किनारे बसे इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने मंगलवार को नदी किनारे के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से नदी के जलस्तर और बैराज से आने वाले पानी की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही निचले इलाकों में रहने वाले लोगों पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रशासन ने नदी किनारे के गांवों में निगरानी बढ़ा दी है। ग्रामीणों को नदी के आसपास जाने से बचने और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर चले जाने की सलाह दी गई है।
पूरनपुर के नदी किनारे इलाकों में बाढ़ का अलर्ट
पूरनपुर तहसील क्षेत्र में बारिश के बीच शारदा नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका से प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। बनबसा बैराज से करीब दो लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने की जानकारी के बाद पूरनपुर तहसील के नदी तटीय और निचले इलाकों में बाढ़ तथा जलभराव का खतरा बढ़ गया है।
स्थिति को देखते हुए तहसील प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है और ग्रामीणों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को शारदा नदी के अलावा अन्य नदियों और नालों के किनारे नहीं जाने की हिदायत दी गई है। तेज बहाव वाले पानी में उतरने और जलभराव वाले रास्तों को पार करने से भी बचने के लिए कहा गया है।
बच्चों को नदी, नाले और पानी से भरे स्थानों से दूर रखने की विशेष अपील की गई है। नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले परिवारों को प्रशासन के निर्देश मिलते ही सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर चले जाने को कहा गया है। पशुओं, खासकर गौवंश को भी सुरक्षित स्थान पर रखने की अपील की गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पानी का बहाव बढ़ने की स्थिति में लापरवाही भारी पड़ सकती है।
बिजली के तारों से रहें दूर, अफवाहों पर भरोसा न करें
जलभराव के दौरान लोगों को विद्युत पोल, ट्रांसफार्मर और टूटे हुए तारों से दूर रहने की चेतावनी दी गई है। पानी भरे स्थानों पर बिजली के उपकरणों का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी गई है।
जरूरत पड़ने पर घर छोड़ते समय जरूरी दस्तावेज, मोबाइल फोन, दवाइयां, पेयजल और खाद्य सामग्री साथ रखने को कहा गया है।
प्रशासन ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। जनहानि, पशुहानि, मकान, फसल या अन्य संपत्ति को नुकसान होने पर तुरंत स्थानीय प्रशासन को सूचना देने को कहा गया है।
तहसील प्रशासन के अनुसार, शारदा नदी की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.