मुजफ्फरनगर में पुलिस मुठभेड़: 15 हजार का इनामी बदमाश घायल, साथी समेत गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, 15 हजार रुपये का इनामी समीर उर्फ फौजी गोली लगने से घायल होकर गिरफ्तार।
- मुठभेड़ के बाद साथी रोहित भी पुलिस की गिरफ्त में, दोनों के पास से अवैध तमंचे, कारतूस और बाइक बरामद।
- समीर उर्फ फौजी पर 9 गंभीर मुकदमे दर्ज, पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान कार्रवाई को अंजाम दिया।
मुजफ्फरनगर: जिले में बारिश के बीच भी अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। कोतवाली नगर क्षेत्र में शुक्रवार रात वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 15 हजार रुपये का इनामी बदमाश समीर उर्फ फौजी घायल हो गया, जबकि उसका साथी रोहित भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना रात करीब 10 बजे की है। न्याजूपुरा-चरथावल रोड स्थित काली नदी पुल के पास पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने बाइक मोड़कर कच्चे रास्ते की ओर भागने की कोशिश की।
बारिश के कारण रास्ता फिसलन भरा था, जिससे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद दोनों बदमाश पैदल भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने उन्हें आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन फायरिंग जारी रहने पर जवाबी कार्रवाई की गई।
इस दौरान गोली लगने से समीर उर्फ फौजी घायल हो गया, जिसे पुलिस ने मौके से पकड़ लिया। वहीं, पुलिस की घेराबंदी के दौरान उसके साथी रोहित को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
अवैध हथियार और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचे, कारतूस, खोखा और बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर प्लस बाइक बरामद की है। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ASP सिद्धार्थ मिश्रा ने बताया कि समीर उर्फ फौजी के खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह हत्या के प्रयास, एससी-एसटी एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत 9 मुकदमों में वांछित चल रहा था। कोतवाली नगर में दर्ज आर्म्स एक्ट के मामले में फरार होने के बाद SSP की ओर से उसकी गिरफ्तारी पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस टीम का नेतृत्व कोतवाली नगर प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा ने किया। अभियान में आबकारी चौकी इंचार्ज शशि कपूर समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.