उत्तर भारत में बारिश का कहर, पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन से सैकड़ों मार्ग बंद

HIGHLIGHTS
- जम्मू-कश्मीर में भूस्खलन से सांबा-मानसर मार्ग पर लंबा जाम लगा।
- कटड़ा में खराब मौसम के कारण वैष्णो देवी की हेलिकॉप्टर सेवा रोकी गई।
- त्रिपुरा और ओडिशा में कई स्थानों पर 21 से 30 सेमी तक बारिश दर्ज हुई।
उत्तर भारत में मानसून भले ही कुछ कमजोर पड़ा हो, लेकिन जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण सैकड़ों मार्ग बंद हो गए हैं और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है।
भारी बारिश होने की संभावना प्रबल
मध्य, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश और बाढ़ से स्थिति गंभीर बनी हुई है। ज्यादातर नदियां उफान पर हैं और बाढ़ का पानी कई इलाकों में परेशानी बढ़ा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, देश के करीब 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अगले चार-पांच दिनों तक कहीं छिटपुट तो कहीं भारी बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
किस इलाके में कितनी बारिश?
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में त्रिपुरा और ओडिशा में भारी बारिश दर्ज की गई। इन राज्यों में कई स्थानों पर 21 से 30 सेंटीमीटर तक बारिश हुई। हरियाणा में भी कई जगहों पर 12 से 20 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
वहीं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र, असम, तटीय आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के अंदरूनी हिस्सों में 7 से 11 सेंटीमीटर बारिश हुई।
सैकड़ों वाहन फंसे, यात्रियों को भारी परेशानी
भारी बारिश के कारण जम्मू-कश्मीर में कई जगह भूस्खलन हुआ, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। सांबा-मानसर मार्ग पर लंबा जाम लगने से सैकड़ों वाहन फंस गए और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कटड़ा में शाम के समय बादल छाने के कारण श्री माता वैष्णो देवी के लिए हेलिकॉप्टर सेवा भी रोकनी पड़ी।
छत्तीसगढ़ में भाई-बहन समेत तीन छात्र बहे, एमपी में तीन डूबे
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में स्कूल से लौट रहे तीन छात्र-छात्राएं उफनती घोंघा नदी की तेज धारा में बह गए। इनमें एक भाई-बहन भी शामिल थे। तीनों पुल के बजाय नदी पार कर घर जाने की कोशिश कर रहे थे। रविवार सुबह तीनों के शव बरामद किए गए।
वहीं मध्य प्रदेश के रतलाम में पिकनिक मनाने गए दो शिक्षक और एक छात्र की बारिश के कारण झरने के कुंड में भरे पानी में डूबने से मौत हो गई।
पूर्वोत्तर में तीन-चार दिन भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग ने उत्तराखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़, बिहार और झारखंड में 29 अगस्त तक कहीं भारी तो कहीं हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है। बंगाल, सिक्किम, उत्तर प्रदेश, गोवा, महाराष्ट्र, तेलंगाना समेत दक्षिण भारत के कुछ राज्यों और पूर्वोत्तर के सभी सात राज्यों में भी अगले तीन-चार दिनों तक गरज-चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
पंजाब में कल से उमस भरी गर्मी करेगी परेशान
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को पंजाब के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी हुई। हालांकि, मंगलवार से मानसून के कमजोर पड़ने की संभावना है। इसके चलते राज्य में एक बार फिर उमस भरी गर्मी लौट सकती है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.