राजस्थान में निकाय चुनाव से पहले बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 26 IAS और 53 RAS अधिकारियों के तबादले

HIGHLIGHTS
- तबादला सूची में कई जिलों के अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गईं।
- 14 प्रशिक्षु IAS अधिकारियों को चुनावी तैयारियों से जोड़ा गया।
- छह पदस्थापन की प्रतीक्षा कर रहे IAS अधिकारियों को नई जिम्मेदारी मिली।
राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव की आचार संहिता लागू होने से पहले देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। कार्मिक विभाग ने 26 आईएएस और 53 आरएएस अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। इसके अलावा 14 प्रशिक्षणाधीन आईएएस अधिकारियों को अलग-अलग जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में विशेषाधिकारी के पद पर तैनात किया गया है।
एक ही स्थान पर तीन साल या उससे अधिक समय से तैनात अधिकारियों को हटाने के राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश के बाद तबादलों का यह सिलसिला जारी है। इससे पहले पिछले सप्ताह भी आरएएस अधिकारियों के तबादले किए गए थे।
14 प्रशिक्षु आईएएस को जिला निर्वाचन कार्यालयों में जिम्मेदारी
प्रशिक्षणाधीन आईएएस अधिकारियों को चुनावी तैयारियों के लिए अलग-अलग जिलों में विशेषाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अदिति वार्ष्णेय को अलवर, सृष्टि डबास को कोटा, ऐश्वर्यम प्रजापति को खैरथल-तिजारा, मेधा आनंद को भीलवाड़ा, स्वाति शर्मा को बीकानेर और राजपूत नेहा उद्धवसिंह को अजमेर के जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में विशेषाधिकारी नियुक्त किया गया है।
इसी तरह मोहन लाल को जोधपुर, रविंद्र कुमार मेघवाल को चित्तौड़गढ़, चौधरी बिरजू गोपाल को पाली, अदिति यादव को उदयपुर, मृणाल कुमार को जयपुर, आराधना चौहान को श्रीगंगानगर, रोहित वर्मा को जैसलमेर और भानु शर्मा को भरतपुर में विशेषाधिकारी बनाया गया है।
6 एपीओ आईएएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारी
तबादला सूची में पदस्थापन की प्रतीक्षा कर रहे छह आईएएस अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। ललित गोयल को सार्वजनिक निर्माण विभाग में संयुक्त सचिव, अभिषेक जैन को श्रीगंगानगर जिला परिषद का मुख्य कार्यकारी अधिकारी, प्रीतम कुमार को उदयपुर जिला परिषद का मुख्य कार्यकारी अधिकारी और सक्षम गोयल को जलदाय विभाग में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है।
वहीं भेसारे शुभम अशोक को जयपुर जिला परिषद का मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रतिभा दया को करौली जिला परिषद का मुख्य कार्यकारी अधिकारी बनाया गया है।
53 आरएएस अधिकारियों के तबादले
आरएएस अधिकारियों की सूची में भी बड़े स्तर पर बदलाव किया गया है। कालूराम को राजस्थान विश्वविद्यालय का कुलसचिव और कैलाश चंद्र शर्मा को माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, अजमेर का सचिव बनाया गया है।
राजेश जोशी को कोटा में अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट, अनिल कुमार को सीकर में अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट, जगदीश प्रसाद गौड़ को करौली में अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट और योगेश कुमार डागुर को अलवर में अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी दी गई है।
अश्विन के पंवार को श्रीगंगानगर में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (सतर्कता), लाखन सिंह गुर्जर को कुचामन सिटी में अतिरिक्त जिला कलेक्टर और देवेन्द्र सिंह परमार को डीग में अतिरिक्त जिला कलेक्टर लगाया गया है।
शिक्षा और सामाजिक न्याय विभाग में भी बदलाव
वीरेन्द्र सिंह यादव को अनुसूचित जाति उपयोजना निगरानी का अतिरिक्त निदेशक, डॉ. प्रीति सिंह पंवार को अल्पसंख्यक मामलात विभाग में उप निदेशक और महावीर सिंह को राजस्थान राज्य पाठ्य पुस्तक मंडल का सचिव बनाया गया है।
डॉ. राकेश कुमार मीणा को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग में छात्रवृत्ति एवं छात्रावास का अतिरिक्त निदेशक नियुक्त किया गया है। वहीं अशोक कुमार को राजस्थान आवासन मंडल में उप सचिव और मुकेश चौधरी को हरिश्चंद्र माथुर राजस्थान लोक प्रशासन संस्थान में उप निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है।
कई अधिकारियों को उपखंडों में भेजा गया
तबादला सूची में फील्ड स्तर पर भी बदलाव किए गए हैं। आकाश रंजन को साबल, अनिल कुमार को चौहटन और संदीप कुमार को आनंदपुरी में उपखंड अधिकारी लगाया गया है।
रेखा यादव को बांदीकुई में सहायक कलेक्टर, संजीव कुमार खेदड़ को दौसा में सहायक कलेक्टर (मुख्यालय) और मनस्वी नरेश को निवाई में सहायक कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं पंकज कुमार को सामान्य प्रशासन विभाग में जोधपुर का शिष्टाचार अधिकारी और रामकिशोर मीणा को जयपुर का प्रोटोकॉल अधिकारी बनाया गया है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.