मतदान के लिए नाव से पार की जयसमंद झील, तीन टापुओं के 250 ग्रामीणों ने डाले वोट

HIGHLIGHTS
- सलूंबर जिले की जयसमंद पंचायत समिति की गामड़ी ग्राम पंचायत में मतदान के प्रति उत्साह देखने को मिला।
- मिंदोड़ा, बाबा मंगरा और भटवाड़ा टापुओं के करीब 250 मतदाता नाव से मतदान केंद्र पहुंचे।
- इन तीनों टापुओं पर रहने वाले ग्रामीणों के लिए मतदान केंद्र तक सीधा सड़क मार्ग नहीं है।
उदयपुर। लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सा लेने के लिए मतदाताओं का उत्साह ऐसा रहा कि उन्हें वोट डालने के लिए झील तक पार करनी पड़ी। सलूंबर जिले की जयसमंद पंचायत समिति की गामड़ी ग्राम पंचायत के तीन टापुओं पर रहने वाले करीब 250 मतदाता नावों के जरिए मतदान केंद्र पहुंचे और अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। वहीं, परसाद गांव में एक महिला अपने सात माह के बच्चे को गोद में लेकर वोट डालने पहुंची।
नाव के सहारे पार की जयसमंद झील
गामड़ी ग्राम पंचायत के मिंदोड़ा, बाबा मंगरा और भटवाड़ा टापुओं पर बसे ग्रामीणों के लिए मतदान केंद्र तक पहुंचने का कोई सीधा सड़क मार्ग उपलब्ध नहीं है।
ऐसे में इन टापुओं पर रहने वाले मतदाताओं ने नावों की मदद से जयसमंद झील पार की और मतदान केंद्र पहुंचकर अपने वोट डाले। उनकी इस भागीदारी से मतदान के प्रति उत्साह देखने को मिला।
सराड़ा में फर्जी मतदान की शिकायत
सराड़ा पंचायत समिति के चावंड गांव स्थित बूथ संख्या 26 पर फर्जी मतदान की शिकायत सामने आई। कालू पटेल ने आरोप लगाया कि उनके स्थान पर किसी दूसरे व्यक्ति ने वोट डाल दिया, जबकि उन्होंने मतदान नहीं किया था।
वहीं, परसाद गांव के बूथ संख्या 41 पर सीता मीणा अपने सात माह के बच्चे को गोद में लेकर मतदान करने पहुंचीं।
सलूंबर में 68.20 प्रतिशत हुआ मतदान
जिले की तीन पंचायत समितियों सराड़ा, जयसमंद और झल्लारा के 45 पंचायत समिति वार्डों के साथ जिला परिषद के 9 वार्डों में मतदान कराया गया। शाम 6 बजे तक जिला परिषद के लिए 68.20 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.