राजस्थान रेलवे ट्रैक ब्लास्ट केस में बड़ा खुलासा, पाकिस्तानी एजेंट के संपर्क में थी महिला

HIGHLIGHTS
- श्रीगंगानगर के 50 जीबी गांव के पास रेलवे ट्रैक पर 3 नवंबर को विस्फोट हुआ था।
- राजस्थान ATS और पुलिस ने पंजाब के गुरुदासपुर से एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
- गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महकदीप कौर (21) और देवेंद्र सिंह (23) के रूप में हुई है।
श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर 50 जीबी गांव के पास हुए विस्फोट के मामले में राजस्थान एटीएस और पुलिस को अहम कामयाबी मिली है। पंजाब की काउंटर इंटेलिजेंस की सहायता से पुलिस ने पाकिस्तान के एजेंट के संपर्क में रहकर रेलवे ट्रैक पर धमाका करने के आरोप में एक महिला सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पंजाब के गुरुदासपुर के रहने वाले हैं।
जांच में पता चला है कि महिला काफी समय से सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान के एक एजेंट के संपर्क में थी। उसी के निर्देश पर दोनों ने रेलवे ट्रैक पर विस्फोट की योजना बनाई थी। आशंका जताई जा रही है कि इस साजिश के पीछे ट्रेन को निशाना बनाने का मकसद था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दोस्तपुर निवासी महकदीप कौर (21) और चौड़ा कलां, गुरुदासपुर निवासी देवेंद्र सिंह (23) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से दो हथियार, 46 कारतूस और ब्लास्ट के लिए पाकिस्तानी एजेंट की ओर से दिए गए 30 हजार रुपये बरामद किए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले में आरोपियों के कुछ अन्य साथियों को भी हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
पाकिस्तान के एजेंट के संपर्क में थी महिला, शाह ने दिए थे 30 हजार रुपये
एटीएस के एडीजी दिनेश एमएन के अनुसार, महकदीप कौर लंबे समय से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए पाकिस्तान के एजेंटों के संपर्क में थी। वह शाह नाम के एक एजेंट के संपर्क में थी। इसी एजेंट ने रेलवे ट्रैक पर विस्फोट की वारदात को अंजाम देने के लिए उसे रकम दी थी। इसके बाद महकदीप ने अपने साथी देवेंद्र सिंह के साथ श्रीगंगानगर पहुंचकर घटना को अंजाम दिया।
जांच में यह भी सामने आया है कि पाकिस्तानी एजेंट ने राजस्थान भेजते समय आरोपियों को आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) नहीं दिया था। राजस्थान पहुंचने के बाद उन्हें एक निर्धारित स्थान से आईईडी का पैकेट मिला। इसके बाद दोनों ने इसे रेलवे ट्रैक पर लगा दिया। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है। आरोपियों के मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है। शुरुआती पड़ताल में पाकिस्तानी एजेंटों से संपर्क और पैसों के लेन-देन से संबंधित महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।
तीन बार श्रीगंगानगर पहुंचे आरोपी, दो बार नाकाम रही साजिश
पूछताछ के दौरान सामने आया कि रेलवे ट्रैक पर विस्फोट करने के लिए आरोपी तीन बार श्रीगंगानगर आए थे। पहली बार 6 अक्टूबर को दोनों ने यहां पहुंचकर कई स्थानों की रेकी की, लेकिन वारदात को अंजाम नहीं दे पाए।
इसके बाद वे 12 और 13 अक्टूबर को फिर श्रीगंगानगर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रेलवे ट्रैक पर बम लगाया, लेकिन उसमें विस्फोट नहीं हो सका।
दो प्रयास विफल होने के बाद आरोपी 3 नवंबर को एक बार फिर श्रीगंगानगर पहुंचे। इस बार उन्होंने 50 जीबी गांव के पास रेलवे ट्रैक पर धमाका कर दिया। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि साजिश में उनके अलावा और कौन-कौन शामिल था तथा आईईडी मुहैया कराने वाले नेटवर्क के तार कहां तक जुड़े हुए हैं।
केंद्रीय एजेंसी के इनपुट पर पंजाब पहुंची थी राजस्थान एटीएस की टीम
एटीएस के एडीजी दिनेश एमएन ने बताया कि तीन दिन पहले केंद्रीय एजेंसी से इनपुट मिलने के बाद राजस्थान एटीएस और पुलिस की टीमें पंजाब पहुंची थीं। इस कार्रवाई में श्रीगंगानगर से आईपीएस नितिन चौधरी, एटीएस के एएसपी मनीष शर्मा और सुरेंद्र सिंह की टीमें शामिल थीं।
पंजाब काउंटर इंटेलिजेंस की मदद से दोनों आरोपियों का पता लगाया गया। गुरुदासपुर में उनकी लोकेशन मिलने के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बीकानेर के आईजी ओमप्रकाश और एसपी हरिशंकर भी आरोपियों से पूछताछ कर रहे हैं। श्रीगंगानगर के सर्कल ऑफिसर (सिटी) और आईपीएस अधिकारी नितिन चौधरी पूरे मामले की जांच की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान कई अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आएंगी।
धमाके से रेलवे ट्रैक पर बना था 2 से 3 फीट गहरा गड्ढा
3 नवंबर की रात करीब पौने 10 बजे श्रीगंगानगर जिले में रामसिंहपुर के पास 50 जीबी गांव के नजदीक रेलवे ट्रैक पर जोरदार धमाका हुआ था। विस्फोट के कारण पटरियों के बीच करीब 2 से 3 फीट गहरा गड्ढा बन गया था। इसके अलावा दो स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए थे और आसपास के कई स्लीपर के लॉक भी टूट गए थे।
बताया गया कि धमाके से कुछ समय पहले ही इस रेलवे ट्रैक से एक यात्री ट्रेन गुजरी थी। विस्फोट की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। रेलवे ट्रैक पर गड्ढा और नुकसान देखने के बाद उन्होंने रेलवे अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने पर रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
एहतियातन रोकी गई थीं ट्रेनें, 5 नवंबर को बहाल हुई आवाजाही
रेलवे ट्रैक पर धमाके के बाद सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे प्रशासन ने इस मार्ग पर ट्रेनों का संचालन रोक दिया था। इसके चलते कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि मरम्मत कार्य पूरा होने और आवश्यक सुरक्षा जांच के बाद 5 नवंबर को इस रूट पर ट्रेन सेवाएं दोबारा शुरू कर दी गई थीं।
घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने रामसिंहपुर पुलिस थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की पड़ताल की गई और धमाके से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाने के लिए अलग-अलग स्तर पर जांच की गई। बाद में इस मामले की जांच आईपीएस अधिकारी नितिन चौधरी को सौंप दी गई।
दोपहर 12 बजे पुलिस लाइन में होगी प्रेस कॉन्फ्रेंस
मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी देने के लिए पुलिस की प्रेस कॉन्फ्रेंस पहले शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि 12 बजे श्रीगंगानगर पुलिस लाइन में प्रस्तावित थी। हालांकि, रात करीब 10:30 बजे अपरिहार्य कारणों का हवाला देते हुए इसे स्थगित कर दिया गया।
अब रविवार, 15 नवंबर को दोपहर 12 बजे पुलिस लाइन में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। इसमें रेलवे ट्रैक पर हुए ब्लास्ट और पाकिस्तान के एजेंट से जुड़े नेटवर्क को लेकर अन्य महत्वपूर्ण खुलासे किए जाने की संभावना है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.