राज्यसभा चुनाव ने बता दिया यूपी विधानसभा चुनाव का परिणाम, 80% बनाम 20% की होगी लड़ाई: सीएम योगी

HIGHLIGHTS
- सीएम योगी ने पीएम मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन को गौरव का क्षण बताया।
- लखनऊ के पटेल पार्क में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन हुआ।
- सेवा ज्योति यात्रा को मुख्यमंत्री योगी ने हरी झंडी दिखाई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्यसभा चुनाव के नतीजों ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के परिणाम की तस्वीर साफ कर दी है। उन्होंने कहा कि अब विधानसभा चुनाव में एनडीए के 80 फीसद और पीडीए के 20 फीसद के बीच मुकाबला होगा। पीडीए का क्या हाल होगा, यह चुनाव के समय पता चलेगा।
सीएम योगी बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर राजधानी के जीपीओ स्थित पटेल पार्क में आयोजित सेवा ज्योति यात्रा ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में एक जिला-एक माफिया की समानांतर सत्ता चलती थी। अब एक जिला-एक मेडिकल कॉलेज, एक उत्पाद और एक व्यंजन की दिशा में काम हो रहा है। कारीगरों और हस्तशिल्पियों को सम्मान मिल रहा है। सेवा के संकल्प से जुड़े कार्यक्रम अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में योगदान दे रहे हैं।
जनधन खातों से सीधे खातों में पहुंच रहा पैसा
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले आवास सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं। जनधन खाते खोले जाने पर लोग डिजिटल इंडिया का मजाक उड़ाते थे। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस और इंडी गठबंधन की बेईमानी पर प्रहार था।
अब डीबीटी के माध्यम से महिलाओं, किसानों, युवाओं, गरीबों और श्रमिकों समेत अन्य लोगों के खातों में सीधे पैसा पहुंच रहा है।
पहले रक्षा क्षेत्र में दूसरे देशों पर निर्भर था भारत
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असंभव को संभव कर दिखाया। करीब 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, रसोई गैस कनेक्शन, स्टार्टअप का इकोसिस्टम और हाईवे-एक्सप्रेसवे का नेटवर्क उपलब्ध कराया गया। उत्तर प्रदेश में इनलैंड वाटरवे की सुविधा भी दी गई।
उन्होंने कहा कि पहले भारत को एक चिप के लिए भी दुनिया पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब देश में सेमीकंडक्टर के 12 से अधिक उद्योग सक्रिय हैं और निवेश भी हो रहा है।
योगी ने कहा कि पहले भारत रक्षा क्षेत्र में दुनिया पर निर्भर था। अब देश से हजारों करोड़ रुपये के डिफेंस मैन्युफेक्चरिंग प्रोडक्ट दूसरे देशों को भेजे जा रहे हैं।
सेवा ज्योति यात्रा को सीएम ने किया रवाना
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन के बाद देशवासियों को ‘विकसित भारत-2047’ का सामूहिक संकल्प दिलाया। वहीं राजधानी में भाजपा पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मशाल सौंपी, जिसके बाद सेवा ज्योति यात्रा आगे रवाना हुई।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने ‘जनसेवा से देशसेवा’ प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होना हर देशवासी के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत को दुनिया के सामने एक सशक्त और समर्थ देश के रूप में प्रस्तुत किया है तथा हर नागरिक के मन में विश्वास पैदा किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के रूप में नए भारत के निर्माण में सफलता मिली है। उन्होंने इसे गांव से ग्लोबल तक की यात्रा बताते हुए कहा कि इससे हर नागरिक के जीवन में बदलाव आया है। हर बहन को सुरक्षा की गारंटी मिली है, किसानों के जीवन में खुशहाली आई है और युवाओं के सामने रोजगार की संभावनाएं मजबूत हुई हैं।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, सांसद मेधा कुलकर्णी, ब्रजलाल, संजय सेठ, महापौर सुषमा खर्कवाल, एमएलसी डॉ. महेंद्र सिंह, विजय बहादुर पाठक, मुकेश शर्मा, लालजी प्रसाद निर्मल, रामचंद्र प्रधान, पवन सिंह चौहान, विधायक पंकज सिंह, नीरज बोरा, योगेश शुक्ला, जय देवी, राजेश्वर सिंह, ओपी श्रीवास्तव, भाजपा जिलाध्यक्ष विजय मौर्य, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.