रक्षाबंधन पर यूपी में मुफ्त बस यात्रा का रिकॉर्ड लाभ, 6.03 लाख महिलाओं ने किया सफर

HIGHLIGHTS
- 27 अगस्त से शुरू हुई थी निशुल्क बस यात्रा की सुविधा
- पहले दिन 6.03 लाख से अधिक महिलाओं ने बसों में सफर किया
- महिलाओं के साथ 3.22 लाख से ज्यादा सहयात्रियों ने भी मुफ्त यात्रा की
लखनऊ। रक्षाबंधन के अवसर पर योगी सरकार की ओर से महिलाओं और बहनों के लिए शुरू की गई निशुल्क बस यात्रा का पहले ही दिन बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ लिया। 27 अगस्त से शुरू हुई इस सुविधा के तहत उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में 6.03 लाख से अधिक महिलाओं ने यात्रा की।
महिलाओं के साथ सफर करने वाले 3.22 लाख से अधिक सहयात्रियों को भी मुफ्त यात्रा की सुविधा मिली। इस तरह पहले दिन कुल 9.26 लाख से ज्यादा यात्रियों ने बिना किराया दिए सफर किया। परिवहन निगम के अनुसार, इस निशुल्क यात्रा की कुल कीमत 9.06 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।
यूपीएसआरटीसी के प्रधान प्रबंधक (संचालन) अनिल कुमार ने बताया कि रक्षाबंधन पर महिलाओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें सुरक्षित व सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के लिए परिवहन निगम के अधिकारी और कर्मचारी युद्ध स्तर पर काम कर रहे हैं।
सरकार और विभागीय अधिकारियों के निर्देशों के अनुसार यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त बसें भी संचालित की गई हैं। बस संचालन, यात्रियों की सुविधा और पूरी व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है।
रक्षाबंधन पर बस में सवार हुए ओपी राजभर
रक्षाबंधन के मौके पर उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर अलग अंदाज में नजर आए। महिलाओं के लिए शुरू की गई निशुल्क बस यात्रा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए वह खुद बस में सवार हुए और आम यात्रियों के साथ सफर किया।
राजभर ने अंबेडकरनगर से अतरौलिया तक बस से यात्रा की। इस दौरान उन्होंने महिला यात्रियों से बातचीत की और सरकार की मुफ्त बस यात्रा योजना की जमीनी स्थिति जानने की कोशिश की।
इन पांच क्षेत्रों में सबसे ज्यादा यात्रियों ने लिया लाभ
पहले दिन महिलाओं और उनके साथ यात्रा करने वाले सहयात्रियों की कुल संख्या के मामले में मुरादाबाद क्षेत्र सबसे आगे रहा। यहां 62,586 महिलाओं और 32,203 सहयात्रियों समेत कुल 94,789 यात्रियों ने निशुल्क यात्रा की।
इसके बाद हरदोई में 82,920, गोरखपुर में 68,152, लखनऊ में 64,590 और बरेली में 58,309 यात्रियों ने इस सुविधा का लाभ उठाया। इन पांच क्षेत्रों में कुल करीब 3.69 लाख यात्रियों ने बिना किराए के सफर किया।
यात्रियों ने सरकार के फैसले की सराहना की
रक्षाबंधन पर मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलने से महिलाओं के साथ उनके सहयात्रियों में भी खुशी देखने को मिली। यात्रियों ने कहा कि त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में लोगों को अपने घर जाना पड़ता है। ऐसे में निशुल्क बस यात्रा से परिवारों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम हुआ है।
महिलाओं के साथ सहयात्रियों ने भी योगी सरकार की इस पहल की सराहना की। यात्रियों का कहना है कि अतिरिक्त बसें चलाए जाने से भीड़ के बीच घर पहुंचने में भी सहूलियत मिली।
परिवहन निगम करेगा औचक निरीक्षण
निशुल्क यात्रा की सुविधा पात्र यात्रियों तक पहुंचे और व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहे, इसके लिए परिवहन निगम की टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में औचक निरीक्षण करेंगी। इस दौरान निशुल्क यात्रा की व्यवस्था के साथ यात्रियों को दी जा रही सुविधाओं का भी जायजा लिया जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.