जापान के कार बाजार में चीन की दस्तक, BYD की नई EV को दो हफ्ते में मिले 1,000 खरीदार

HIGHLIGHTS
- मिहोयो के गेम 'गेन्शिन इंपैक्ट' ने 2025 के अंत तक 94,955 करोड़ रुपये की कमाई की।
- गेम के कुल डाउनलोड में जापान की हिस्सेदारी 5 फीसदी है।
- पॉपमार्ट ने ब्लाइंड बॉक्स के जरिए लैबुबू डॉल्स को दुनियाभर में लोकप्रिय बनाया।
नई दिल्ली। एक दौर था जब जापानी संस्कृति, एनीमे और वहां के अनोखे प्रोडक्ट्स का दुनिया भर में खासा प्रभाव था। लेकिन अब वैश्विक बाजार में तस्वीर बदलती नजर आ रही है। चीनी कंपनियां न सिर्फ जापानी संस्कृति और लाइफस्टाइल को दुनियाभर के बाजारों में लोकप्रिय बना रही हैं, बल्कि जापान में भी अपने प्रोडक्ट्स के जरिए वहां के ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं।
जापानी ब्रांड्स के सामने चीनी कंपनियों की चुनौती
गेमिंग, खिलौने और ऑटोमोबाइल जैसे क्षेत्रों में चीनी ब्रांड जापानी कंपनियों को उनके घरेलू बाजार में ही चुनौती दे रहे हैं। इसका एक बड़ा उदाहरण शंघाई की कंपनी मिहोयो का गेम 'गेन्शिन इंपैक्ट' है। साल 2020 में लॉन्च हुए इस गेम ने 2025 के अंत तक 94,955 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड कमाई की।
जापान में भी लोकप्रिय हो रहा गेम
'गेन्शिन इंपैक्ट' की थीम जापानी एनीमे और गाचा मैकेनिज्म पर आधारित है, जिसे जापान के युवा काफी पसंद कर रहे हैं। इसकी सफलता के पीछे जापानी एनीमे-मंगा का निजिगेन विजुअल स्टाइल और गाचापॉन कैप्सूल खिलौनों से प्रेरित गाचा खरीदने की व्यवस्था को डिजिटल रूप में दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचाना एक अहम वजह है।
इस गेम की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इसके कुल डाउनलोड में जापान की हिस्सेदारी अकेले 5 फीसदी है।
पॉपमार्ट और टॉपटॉय ने भी बनाई पहचान
चीनी खिलौना निर्माता कंपनी पॉपमार्ट ने जापान की कैप्सूल टॉय तकनीक से प्रेरित ब्लाइंड बॉक्स के जरिए लैबुबू डॉल्स को दुनियाभर में लोकप्रिय बना दिया है।
वहीं, 2022 में जापान के बाजार में प्रवेश करने वाले एक अन्य चीनी ब्रांड टॉपटॉय ने भी इसी मॉडल को अपनाया है और वहां तेजी से अपना कारोबार बढ़ा रहा है।
खुद को जापानी शैली में पेश करने वाला चीनी रिटेल ब्रांड मिनीसो भी दुनियाभर में अपनी मौजूदगी मजबूत कर चुका है। कंपनी के 110 देशों में 8,000 से अधिक स्टोर हैं। जापानी कंपनियां जिन अफ्रीकी और दक्षिण अमेरिकी देशों तक नहीं पहुंच पाईं, वहां मिनीसो ने हैलो किटी और चीकावा जैसे लोकप्रिय जापानी कैरेक्टर्स के लाइसेंस लेकर उन्हें पहचान दिलाई। कंपनी हर साल 900 से 1,000 नए स्टोर खोल रही है।
कार बाजार में भी BYD की दस्तक
चीनी कंपनियों का विस्तार अब गेमिंग और खिलौनों तक सीमित नहीं है। जापान के खास छोटे कार सेगमेंट में भी उनकी मौजूदगी बढ़ रही है।
चीन की ऑटोमोबाइल कंपनी BYD ने जापानी बाजार में 'BYD Racco' नाम से इलेक्ट्रिक केई कार पेश की है। इसके साथ ही वह जापान में इस तरह की कार पेश करने वाली पहली विदेशी कंपनी बन गई है। लॉन्च के महज दो सप्ताह के भीतर इस कार को 1,000 से ज्यादा लोगों ने खरीदा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.