रांची में CGL अभ्यर्थियों का उग्र प्रदर्शन, बैरिकेडिंग तोड़कर प्रोजेक्ट भवन में घुसे; पुलिस से धक्का-मुक्की

HIGHLIGHTS
- पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस व धक्का-मुक्की हुई
- प्रदर्शनकारियों ने वरीय अधिकारियों से बातचीत की मांग की
- मौके पर आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया
रांची। प्रोजेक्ट भवन सचिवालय के बाहर अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थी बुधवार को अचानक उग्र हो गए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बलों को धक्का देते हुए प्रोजेक्ट भवन परिसर में प्रवेश कर लिया। दोपहर करीब दो बजे सैकड़ों अभ्यर्थियों ने प्रोजेक्ट भवन के मुख्य द्वार पर लगी बैरिकेडिंग तोड़ दी और सुरक्षा घेरा पार कर परिसर के अंदर पहुंच गए।
इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। अभ्यर्थी लगातार मांग कर रहे थे कि वरीय अधिकारियों को बातचीत के लिए भेजा जाए। कुछ देर तक प्रदर्शनकारी पीछे नहीं हटे तो बल प्रयोग की स्थिति बन सकती है। पहले से तैनात पुलिस जवानों के अलावा आसपास के थानों से भी पुलिस बल बुलाया गया।
जमकर हुई नारेबाजी, ‘न्याय दो या फांसी दो’ के नारे
प्रदर्शनकारियों ने प्रोजेक्ट भवन के मुख्य द्वार को पूरी तरह रोक दिया और सरकार तथा प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान सबसे ज्यादा ‘न्याय दो या फांसी दो’ के नारे लगाए गए। इसके अलावा ‘आवाज दो, हम एक हैं’ और ‘तानाशाही नहीं चलेगी’ जैसे नारे भी सुनाई दिए।
भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बीच प्रदर्शनकारी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। प्रदर्शन कर रहे युवाओं की मांग है कि सीजीएल परीक्षा रद्द करने के आदेश को वापस लिया जाए। इस दौरान कई अभ्यर्थी भावुक होकर जमीन पर लेट गए और रोते हुए न्याय की गुहार लगाने लगे। इससे परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
अभ्यर्थियों को समझाते नजर आए पुलिस अधिकारी
स्थिति को देखते हुए पहले से बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात था। हालांकि, जब पुलिस अधिकारी प्रदर्शनकारियों को रोकने में सफल नहीं हुए तो उन्होंने भीड़ को समझाने का प्रयास किया। मौके पर पुलिस अधिकारी अभ्यर्थियों से शांत रहने और पीछे हटने की अपील करते नजर आए।
हटिया डीएसपी नीरज कुमार ने बताया कि क्षेत्र में निषेधाज्ञा के तहत धारा 144/163 बीएनएस लागू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी पढ़े-लिखे युवा हैं और उन्हें समझना होगा कि प्रतिबंधित तथा अति-संवेदनशील सरकारी परिसर में विरोध प्रदर्शन करने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.