कनाडा में नशा तस्करी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़, पंजाब मूल के 9 लोग गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- कनाडा में नशा तस्करी के बड़े अंतरप्रांतीय नेटवर्क का पर्दाफाश।
- पुलिस ने पंजाब मूल के नौ लोगों को गिरफ्तार किया।
- गिरोह पर अलग-अलग प्रांतों से मैनिटोबा में ड्रग्स सप्लाई करने का आरोप।
कनाडा में नशे की तस्करी करने वाले एक बड़े अंतरप्रांतीय नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में पंजाब मूल के नौ लोगों को गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि सभी आरोपी एक संगठित गिरोह से जुड़े थे, जो कनाडा के अलग-अलग प्रांतों से मैनिटोबा में कोकीन, मेथामफेटामाइन, केटामाइन और डॉक्टर की पर्ची पर मिलने वाली प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी कर रहे थे।
पुलिस ने छापेमारी के दौरान करीब 9.70 लाख कनाडाई डॉलर (6,40,78,200 भारतीय रुपये) कीमत के नशीले पदार्थ बरामद किए हैं। इसके अलावा छह हथियार, 800 से ज्यादा कारतूस और 1.26 लाख कनाडाई डॉलर की नकदी भी जब्त की गई है।
यह कार्रवाई विनिपेग पुलिस सेवा की संगठित अपराध इकाई द्वारा चलाए गए 'प्रोजेक्ट पिंक पैंथर' के तहत की गई। पुलिस ने इस मामले की जांच दिसंबर 2025 में शुरू की थी।
जांच के दौरान एक ऐसे संगठित अपराध गिरोह पर ध्यान केंद्रित किया गया, जिस पर ओंटारियो, ब्रिटिश कोलंबिया और अल्बर्टा से मैनिटोबा तक नशीले पदार्थों की तस्करी करने का संदेह था।
जांच में पता चला कि गिरोह नशीले पदार्थों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने के लिए कई तरह के साधनों का इस्तेमाल करता था। इनमें निजी यात्री वाहन, कूरियर सेवाएं, डाक से भेजे जाने वाले पार्सल और व्यावसायिक विमान शामिल थे।
नशीले पदार्थों की खेप सबसे पहले विनिपेग में तय किए गए ठिकानों पर पहुंचाई जाती थी। इसके बाद वहां इन्हें जमा किया जाता और अवैध नशे के कारोबार से जुड़े अलग-अलग लोगों के जरिए आगे सप्लाई किया जाता था।
कुल कीमत 9.70 लाख कनाडाई डॉलर
26 अगस्त 2026 को विनिपेग पुलिस ने कनाडा की सीमा सेवा एजेंसी, ओंटारियो प्रांतीय पुलिस, पील क्षेत्रीय पुलिस और रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस के साथ मिलकर विनिपेग और ग्रेटर टोरंटो क्षेत्र में कई जगहों पर छापेमारी की।
इस कार्रवाई में करीब 29 किलो मेथामफेटामाइन, तीन किलो केटामाइन, एलएसडी की 1,800 गोलियां और 31 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। जब्त किए गए नशीले पदार्थों की कुल कीमत लगभग 9.70 लाख कनाडाई डॉलर बताई गई है।
नशीले पदार्थों के साथ पुलिस ने करीब 1.26 लाख कनाडाई डॉलर नकद, छह आग्नेयास्त्र, 800 से अधिक कारतूस और बिजली का झटका देने वाला एक हथियार भी जब्त किया है। इसके अलावा चार वाहन भी कब्जे में लिए गए हैं। इनमें मर्सिडीज बेंज जीएलसी 300, शेवरले सिल्वराडो, शेवरले क्रूज और कैडिलैक सीटीएस शामिल हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.