कोरबा में 14 लाख का ट्रैक्टर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पेण्ड्रा से बरामद हुआ वाहन

HIGHLIGHTS
- कोरबा जिले की कटघोरा पुलिस ने 14 लाख रुपये कीमत के ट्रैक्टर चोरी का खुलासा किया।
- चोरी हुआ जॉन डीयर 5210 4WD गियरप्रो ट्रैक्टर गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही से बरामद किया गया।
- ट्रैक्टर सासा इंटरप्रायसेस कंपनी के नाम पर पंजीकृत था।
कोरबा। जिले के कटघोरा थाना पुलिस ने करीब 14 लाख रुपये कीमत के चोरी हुए ट्रैक्टर की वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने जॉन डीयर कंपनी का ट्रैक्टर गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले से बरामद किया है। मामले में अंतरराज्यीय गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया गया है।
प्रार्थी आयुष कुमार ने 24 नवंबर 2026 को कटघोरा थाने में ट्रैक्टर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जॉन डीयर 5210 4WD गियरप्रो मॉडल का यह ट्रैक्टर उनकी कंपनी सासा इंटरप्रायसेस के नाम पर पंजीकृत था। ट्रैक्टर को तिवेंचा कंपनी के बिहंसा रेलवे लाइन निर्माण स्थल पर काम के लिए लगाया गया था।
जानकारी के अनुसार, 4 नवंबर को दिवाली से पहले ट्रैक्टर में खराबी आ गई थी। इसके बाद उसे निर्माणाधीन रेलवे स्टेशन बिंझरा के ब्रिज नंबर 26 के पास खड़ा कर दिया गया। इस दौरान चालक और श्रमिक छुट्टी पर अपने घर चले गए थे। 22 नवंबर को जब वे काम पर लौटे तो ट्रैक्टर मौके से गायब मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की।
CCTV फुटेज और मुखबिर से मिला सुराग
जांच के दौरान निगरानी कैमरों के फुटेज और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगा। पता चला कि निर्माणाधीन रेलवे साइडिंग में काम कर रही शिवा कृति कंपनी में ट्रैक्टर चलाने वाले रमेश केंवट को वारदात से जुड़ी जानकारी के दौरान देखा गया था। उसे चार-पांच दिन पहले एक जॉन डीयर ट्रैक्टर जटगा की ओर ले जाते हुए देखा गया था।
इसके बाद पुलिस टीम ग्राम बिंझरा पहुंची और संदेही रमेश कुमार केंवट को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में कबूल किया जुर्म, पेण्ड्रा से ट्रैक्टर बरामद
पुलिस की कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी रमेश कुमार केंवट ने ट्रैक्टर चोरी करने की बात कबूल कर ली। उसने बताया कि बिना चाबी के ट्रैक्टर को सीधे चालू किया था और हल्की मरम्मत करने के बाद उसे चोरी कर लिया था।
आरोपी ने चोरी किए गए ट्रैक्टर को पेण्ड्रा के पास ग्राम गिरारी बस्ती के भरी टिकरा में छिपाकर रखा था। उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम पेण्ड्रा पहुंची और ट्रैक्टर बरामद कर लिया।
रमेश केंवट मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले का निवासी है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वहीं, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.