सहारनपुर: शादी में हर्ष फायरिंग से भाजपा नेता की मौत, आरोपी गिरफ्तार

सहारनपुर। कोतवाली मंडी क्षेत्र के रामलीला भवन में बीती रात हुई हर्ष फायरिंग ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। शादी समारोह के दौरान अचानक चली गोली से मानकमऊ मंडल के भाजपा महामंत्री शिवचरण रोहिला (50) की मौत हो गई। मृतक के बेटे हर्षित रोहिला ने आरोप लगाया है कि यह घटना जानबूझकर की गई थी।
जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब विवाह समारोह में बराती और रिश्तेदार डीजे पर डांस कर रहे थे। आरोपी रोहित उपाध्याय, जो दूल्हे का जीजा है, हाथ में पिस्तौल लेकर डांस कर रहा था। इसी दौरान गोली चल गई, जो शिवचरण रोहिला के सीने में लगी। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हर्षित रोहिला ने कोतवाली मंडी में तहरीर दी और आरोप लगाया कि रोहित उपाध्याय ने साजिशपूर्वक और जानबूझकर पिता की हत्या की। उन्होंने बताया कि उनके पिता लंबे समय से भाजपा के मानकमऊ मंडल में महामंत्री पद पर कार्यरत थे और गार्डों की नौकरी लगवाने में लोगों की मदद करते थे।
शिवचरण रोहिला मूलरूप से रामपुर मनिहारान क्षेत्र के चंदनपुर गांव के निवासी थे और पिछले करीब 20 साल से नवादा रोड, सदर बाजार क्षेत्र में फैक्टरी में किराये पर रह रहे थे। उनके पीछे एक बेटा और एक बेटी है, जिनकी शादी अभी नहीं हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एसएसपी अभिनंदन सिंह, एसपी सिटी व्योम बिंदल और एएसपी मनोज कुमार यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हर्षित रोहिला की तहरीर के आधार पर आरोपी रोहित उपाध्याय के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे शुक्रवार को बाबा लालदास मंदिर गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लाइसेंसी पिस्तौल भी बरामद हुई है।
परिवार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। चंदनपुर गांव में महापौर डॉ. अजय कुमार और पूर्व महापौर संजीव वालिया भी परिवार से मिले और उन्हें सांत्वना दी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.