सहारनपुर: हाईवे पर खड़े टेंपो में मारी टक्कर, दो पशु व्यापारियों की दर्दनाक मौत

सहारनपुर। जनपद के नागल क्षेत्र में गागलहेड़ी–मुजफ्फरनगर राज्य मार्ग पर गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो पशु व्यापारियों की जान चली गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे खड़े टेंपो को टक्कर मार दी, जिसके नीचे दबकर दोनों व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
टायर पंचर के बाद सड़क किनारे रुका था टेंपो
जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर के जानसठ थाना क्षेत्र के गांव कव्वाल निवासी हसरत और मालू पशु व्यापार का काम करते थे। दोनों शुक्रवार को अपने साथी अरशद के टेंपो में तीन भैंस लेकर गागलहेड़ी की ओर जा रहे थे।
रास्ते में खजुरवाला गांव के पास टेंपो का अगला टायर पंचर हो गया। इसके बाद चालक अरशद और उसका साथी शौकीन टायर ठीक कराने नागल चले गए, जबकि हसरत और मालू टेंपो के पास ही सड़क किनारे बैठकर इंतजार करने लगे।
तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर
इसी दौरान गागलहेड़ी की दिशा से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने खड़े टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों व्यापारी टेंपो के नीचे दब गए। मौके पर मौजूद लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला, लेकिन हसरत की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
अस्पताल ले जाते समय दूसरे की भी मौत
गंभीर रूप से घायल मालू को तत्काल पुलिस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया।
घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.