कनाडा में एमी विर्क के काफिले पर गोलीबारी, पुलिस ने शुरू की जांच

HIGHLIGHTS
- घटना एबट्सफोर्ड के मैक्कलम रोड इलाके में हुई
- पुलिस के मुताबिक एक गाड़ी पर कई गोलियां चलाई गईं
- फायरिंग में किसी के घायल होने की सूचना नहीं
कनाडा के एबट्सफोर्ड में पंजाबी गायक एमी विर्क के कार्यक्रम के बाद उनके काफिले पर कथित तौर पर कई राउंड फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। एबट्सफोर्ड पुलिस ने मैक्कलम रोड के 2500-ब्लॉक में हुई गोलीबारी की पुष्टि की है। हालांकि, पुलिस ने अभी यह साफ नहीं किया है कि हमलावरों का निशाना कौन था और क्या एमी विर्क उस वाहन में मौजूद थे।
पुलिस के अनुसार, बीती रात करीब 11 बजे के बाद एक गहरे रंग की एसयूवी में सवार लोगों ने दूसरी गाड़ी पर कई गोलियां चलाईं। इस घटना में किसी के घायल होने की जानकारी नहीं है। गोलीबारी के कुछ समय बाद सनीसाइड प्लेस के 2400-ब्लॉक में एक एसयूवी में आग लगाए जाने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन को पूरी तरह जला हुआ पाया। जांचकर्ता यह पता लगाने में जुटे हैं कि इस जले हुए वाहन का फायरिंग की घटना से कोई संबंध है या नहीं।
शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस ने इतना जरूर बताया है कि जिस वाहन को निशाना बनाया गया, उस पर जानबूझकर गोलीबारी की गई थी।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, 5 सितंबर की रात एबट्सफोर्ड के रोजर्स फोरम हॉल में एमी विर्क का कार्यक्रम आयोजित हुआ था। दावा है कि कार्यक्रम खत्म होने के बाद रात करीब 11 बजे एमी विर्क वाहनों के काफिले के साथ शहर की ओर रवाना हुए। इसी दौरान काफिले में शामिल एक रॉल्स रॉयस पर दूसरे वाहन में सवार लोगों ने फायरिंग कर दी।
सूत्रों का दावा है कि जिस रॉल्स रॉयस को निशाना बनाया गया, वह बुलेटप्रूफ थी और इसी वजह से उसमें सवार किसी व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचा। हालांकि, पुलिस ने अभी यह पुष्टि नहीं की है कि एमी विर्क उसी वाहन में मौजूद थे। गोलीबारी के समय गायक के साथ कौन-कौन लोग थे, यह भी स्पष्ट नहीं है।
इस बीच सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़ा बताया जा रहा चर्ण दत्त चार्ली नाम के व्यक्ति का एक पोस्ट सामने आया है। इसमें उसने गोलीबारी की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पोस्ट में कहा गया है कि हमला एमी विर्क के कार्यक्रम के प्रमोटर को निशाना बनाकर किया गया था।
सोशल मीडिया पोस्ट में किए गए इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने भी अभी तक गोलीबारी को किसी गिरोह से जोड़कर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
एबट्सफोर्ड पुलिस के प्रवक्ता सार्जेंट पॉल वॉकर ने लोगों से जांच में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, घटना की रात 10:45 से 11:30 बजे के बीच मैक्कलम रोड के 2500-ब्लॉक या रात करीब 11 बजे सनीसाइड प्लेस के 2400-ब्लॉक के आसपास मौजूद लोगों के पास अगर किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी या डैशकैम फुटेज है, तो वे पुलिस से संपर्क करें।
फिलहाल पुलिस गोलीबारी, जले हुए वाहन और दोनों घटनाओं के बीच संभावित संबंध की जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.