नेपाल में हिमलुंग हिमाल बेस कैंप पर बर्फीला तूफान, 10 लोग लापता

HIGHLIGHTS
- लापता लोगों में कैंप के दो रसोई कर्मचारी भी शामिल हैं।
- मौसम विभाग ने पिछले सप्ताह खराब मौसम की चेतावनी दी थी।
- ज्यादातर पर्वतारोहण दल नीचे सुरक्षित स्थानों की ओर लौट गए थे।
काठमांडू। नेपाल इन दिनों प्राकृतिक आपदा की गंभीर स्थिति से गुजर रहा है। लगातार बदल रहे मौसम के कारण पड़ोसी देश के कई इलाकों में हालात बिगड़ रहे हैं। इसी बीच पश्चिमी नेपाल में तिब्बत सीमा के पास स्थित प्रसिद्ध हिमलुंग हिमाल बेस कैंप पर रविवार सुबह तेज बर्फीला तूफान आया। इस प्राकृतिक आपदा की चपेट में आने के बाद कम से कम 10 लोगों के लापता होने की पुष्टि हुई है।
एक्सपीडिशन के आयोजक मिंगमा ग्याल्जे शेर्पा ने बताया कि लापता लोगों में उनके कैंप में काम करने वाले दो रसोई कर्मचारी भी शामिल हैं। उनके अनुसार, रविवार सुबह अचानक बर्फीला तूफान आया।
चेतावनी के बावजूद कुछ लोग वहीं रुके
मौसम विभाग ने पिछले सप्ताह ही खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी कर दी थी। इसके बाद ज्यादातर पर्वतारोहण दल और रूट-फिक्सिंग टीमें पहाड़ी ढलानों से सुरक्षित स्थानों की ओर नीचे उतरने लगी थीं। हालांकि, कुछ लोग इसके बाद भी वहीं मौजूद रहे।
पिछले कई दिनों से इस पर्वतीय क्षेत्र में लगातार भारी बर्फबारी हो रही थी। इसके चलते पर्वतारोहियों को ऑटम सीजन की चढ़ाई रोककर वापस लौटना पड़ रहा था। लापता लोगों के अलग-अलग एक्सपीडिशन कंपनियों से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।
बचाव अभियान में आ रही दिक्कतें
मनांग जिले में स्थित 7126 मीटर ऊंचा हिमलुंग हिमाल पर्वतारोहियों के बीच हाई-एल्टीट्यूड अनुभव हासिल करने के लिए लोकप्रिय है। हालांकि, यहां पहुंचना काफी चुनौतीपूर्ण है। हेलीकॉप्टर उड़ानों के लिए अतिरिक्त परमिट की जरूरत होने के कारण बचाव अभियान में भी परेशानी आ रही है।
नेपाल के कई हिस्सों में खराब मौसम
बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने एक वेदर सिस्टम के प्रभाव से नेपाल के पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हो रही है। वहीं पहाड़ी और मैदानी इलाकों में लगातार मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। शुक्रवार से नेपाल में मौसम खराब बना हुआ है, जिसके कारण कई सड़कें टूट गई हैं और स्थानीय प्रशासन ने कई मार्गों को यातायात के लिए पूरी तरह बंद कर दिया है।
बिगड़ते हालात को देखते हुए पर्यटन अधिकारियों ने ट्रेकर्स और पर्वतारोहियों को सभी गतिविधियां तत्काल रोकने की सख्त सलाह दी है। पर्यटन विभाग ने भी अलर्ट जारी करते हुए अगले कुछ दिनों तक पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों को स्थगित रखने की चेतावनी दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.