लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में भगदड़, 7 श्रद्धालुओं की मौत; 8 से अधिक घायल

HIGHLIGHTS
- हादसा सावन की तीसरी सोमवारी की सुबह अशोकधाम मंदिर के बाहरी परिसर में हुआ।
- घटना अशोकधाम स्टेशन से मंदिर जाने वाले मार्ग पर बताई जा रही है।
- रात में इसी रास्ते पर बिजली का पोल तार सहित गिरा था।
लखीसराय। सावन की तीसरी सोमवारी की सुबह प्रसिद्ध अशोकधाम मंदिर के बाहरी परिसर में अचानक भगदड़ मच गई। प्रारंभिक सूचना के अनुसार, हादसे में 7 श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हो चुकी है। वहीं, 8 से अधिक श्रद्धालु घायल हुए हैं, जिनका सदर अस्पताल लखीसराय में इलाज शुरू किया गया है।
मरने वालों की संख्या बढ़ने की भी आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि घटना अशोकधाम स्टेशन से मंदिर जाने वाले रास्ते पर हुई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, रात में इसी मार्ग पर बिजली का पोल तार सहित गिर गया था।
करंट फैलने की अफवाह
सोमवार सुबह मंदिर में जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में कांवरिए पहुंचे थे। इसी दौरान श्रद्धालुओं के बीच बिजली के पोल में करंट प्रवाहित होने की अफवाह फैल गई। इसके बाद अचानक अफरातफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
इसी दौरान भगदड़ की स्थिति बन गई और कई श्रद्धालु एक-दूसरे के नीचे दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने दबे हुए लोगों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके के लिए रवाना हुए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।
प्राचीनकाल से अशोकधाम मंदिर की महत्ता
अशोकधाम मंदिर श्री इन्द्रदमनेश्वर महादेव मंदिर के नाम से प्रसिद्ध है। यहां पालकालीन विशाल शिवलिंग है, जो जमीन की खुदाई के दौरान प्राप्त हुआ था। सावन की तीसरी सोमवारी को लेकर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.