लखनऊ में शिक्षकों की कमी को लेकर छात्रों का प्रदर्शन, सड़क पर लगाया जाम; मंत्री ने पहुंचकर समझाया

HIGHLIGHTS
- जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, पारा के छात्रों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया।
- बुद्धेश्वर पेट्रोल पंप के सामने बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर उतर आए।
- छात्रों ने भोजन, साफ-सफाई और स्कूल की अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी शिकायत की।
लखनऊ। दिल्ली के जंतर-मंतर पर युवाओं यानी जेन जी के अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन के बीच अब जेन अल्फा के प्रदर्शन का मामला सामने आया है। लखनऊ में बुद्धेश्वर चौराहे से आगरा एक्सप्रेसवे जाने वाले मार्ग पर जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय के छात्रों ने शिक्षकों की कमी समेत स्कूल की व्यवस्थाओं को लेकर प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दी।
छात्रों के प्रदर्शन के कारण व्यस्त मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसी जाम में समाज कल्याण मंत्री और पूर्व आईपीएस अधिकारी असीम अरुण का काफिला भी फंस गया। प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद मंत्री कार से उतरे और छात्रों के बीच पहुंचकर उनसे बातचीत की। उनके साथ समाज कल्याण विभाग के सचिव और आईएएस अधिकारी अनुराग यादव भी मौजूद रहे।
शिक्षकों की कमी को लेकर सड़क पर उतरे छात्र
जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, पारा के विद्यार्थियों ने शुक्रवार को विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर सड़क पर प्रदर्शन शुरू किया। बुद्धेश्वर पेट्रोल पंप के सामने कुछ ही देर में बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर आ गए और मार्ग घेरकर नारेबाजी करने लगे।
पारा पुलिस ने छात्रों को समझाने और यातायात व्यवस्था बहाल कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। छात्रों के सड़क पर प्रदर्शन के कारण यातायात प्रभावित हुआ और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
मंत्री ने छात्रों से की बातचीत
कन्नौज जा रहे समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण का काफिला भी जाम में फंस गया। प्रदर्शन की जानकारी होने पर वह अपने वाहन से उतरकर छात्रों के बीच पहुंचे और उनसे बातचीत की।
छात्रों ने मंत्री को बताया कि विद्यालय में शिक्षकों की कमी के चलते उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसके अलावा उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और विद्यालय की अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी शिकायतें कीं। छात्रों का कहना था कि उनकी शिकायतों पर सुनवाई नहीं हो रही है। कई बार विद्यालय की ओर से इस बारे में जानकारी दी गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
विद्यालय पहुंचकर भी छात्रों की सुनी समस्याएं
मंत्री असीम अरुण ने छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद वह छात्रों के साथ विद्यालय पहुंचे और वहां भी उनसे बातचीत की।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विद्यालय की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली और छात्रों की समस्याओं का जल्द समाधान कराने का भरोसा दिलाया। मंत्री के आश्वासन के बाद छात्रों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
‘जेन अल्फा’ के प्रदर्शन का वीडियो वायरल
जाम में फंसे लोगों ने कहा कि ‘जेन अल्फा’ अपने अधिकारों को लेकर काफी जागरूक हो गई है। लखनऊ में स्कूल ड्रेस में छात्र सड़क पर उतर आए, जाम लगाया, पोस्टर लहराए और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।
बुद्धेश्वर चौराहे पर हुए इस प्रदर्शन का वीडियो भी वायरल है। छात्रों का कहना था कि स्कूल में शिक्षकों की कमी के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। मंत्री असीम अरुण ने छात्रों से संवाद किया और उन्हें समझाकर विद्यालय ले गए। वहां छात्रों के साथ बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.