NCP के दोनों गुटों के विलय पर अभी फैसला नहीं, छगन भुजबल बोले- बातचीत शुरुआती दौर में

HIGHLIGHTS
- महाराष्ट्र में NCP के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर चर्चा जारी है।
- छगन भुजबल ने कहा कि अभी तक विलय पर कोई ठोस फैसला नहीं हुआ है।
- उन्होंने बताया कि दोनों गुटों को एक साथ लाने की इच्छा कई नेताओं की है।
मुंबई। महाराष्ट्र में सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली NCP और शरद पवार के नेतृत्व वाली NCP (SP) के संभावित विलय को लेकर चर्चाएं जारी हैं। इसी बीच महाराष्ट्र सरकार के मंत्री छगन भुजबल ने इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
छगन भुजबल ने शुक्रवार को कहा कि NCP के दोनों गुटों को एक करने के प्रस्ताव पर अभी कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। फिलहाल इस संबंध में बातचीत शुरुआती स्तर पर ही चल रही है।
NCP के दोनों गुटों के विलय पर छगन भुजबल की प्रतिक्रिया
छगन भुजबल ने कहा, 'हममें से कई लोग चाहते हैं कि NCP के दोनों गुट एक साथ आ जाएं, लेकिन सवाल यह है कि यह कैसे हो सकता है और पहल किसे करनी चाहिए?'
उन्होंने आगे कहा, 'अभी तक कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। यह सिर्फ बातचीत है। हमें नहीं पता कि NCP (SP) क्या चाहती है।'
BJP की सलाह के बाद ही आगे बढ़ेंगे
भुजबल ने बताया कि दोनों गुटों की राजनीतिक विचारधारा और गठबंधन अलग-अलग हैं। एक गुट BJP के नेतृत्व वाले NDA का हिस्सा है, जबकि दूसरा विपक्षी इंडी गठबंधन से जुड़ा हुआ है। ऐसे में दोनों पक्षों के नेताओं की राजनीतिक आकांक्षाओं और हितों के बीच सामंजस्य बनाना आसान नहीं होगा।
उन्होंने कहा, 'हम (NCP) बीजेपी के साथ सरकार में हैं। हम उनसे सलाह लिए बिना कोई कदम नहीं उठा सकते। उनकी सहमति लेना जरूरी होगा। हर किसी की अपनी उम्मीदें और अपना नजरिया होता है। इन सबको एक साथ कैसे लाया जाए, यह एक जटिल सवाल है।'
अजित पवार के निधन के बाद बदले राजनीतिक समीकरण
जब छगन भुजबल से पूछा गया कि क्या वह दोनों गुटों के विलय की दिशा में पहल करेंगे, तो उन्होंने कहा कि इस बारे में फैसला पार्टी नेतृत्व को करना है। भुजबल के मुताबिक, 'मेरी पार्टी के नेताओं, विधायकों और जिला अध्यक्षों को फैसला लेना होगा। मैं उनके सामने अपनी राय रखूंगा।'
अजित पवार के निधन के बाद बदले हालात पर उन्होंने कहा, 'अगर अजित दादा होते, तो वे निश्चित रूप से सबको साथ लेकर आगे बढ़ते। लेकिन उनके अचानक निधन ने पूरी स्थिति बदल दी है।'
भुजबल ने आगे कहा, 'मुझे यकीन है कि सुनेत्रा ताई सभी को भरोसा दिलाएंगी और बताएंगी कि क्या हो रहा है। शरद पवार की पार्टी अलग है और मेरी पार्टी अलग है। लेकिन वे ऐसे इंसान हैं कि अगर कोई उनका राजनीतिक दुश्मन भी हो, तो भी वे उनसे रिश्ते बनाए रखते हैं और बातचीत करते हैं। वे हर मामले में राजनीति को नहीं लाते।'
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.