मुंबई लोकल में युवती से छेड़छाड़, विरोध करने पर ट्रेन से नीचे फेंका; काटना पड़ा बायां हाथ

HIGHLIGHTS
- मुंबई की बोरीवली से विरार जा रही लोकल ट्रेन में युवती से छेड़छाड़ का मामला सामने आया।
- युवती ने सहयात्री की कथित गलत हरकत का विरोध किया था।
- विरोध के दौरान युवती ने आरोपी की ओर अपनी चप्पल फेंकी, जिसके बाद विवाद शुरू हुआ।
मुंबई। मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन में एक युवती के साथ छेड़छाड़ और फिर उसे ट्रेन से धक्का देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बोरीवली से विरार जा रही लोकल ट्रेन में एक सहयात्री ने युवती के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी ने नायगांव स्टेशन पर उसे ट्रेन से नीचे पटरियों पर धकेल दिया।
इस हादसे में युवती का बायां हाथ ट्रेन के पहियों के नीचे आ गया। गंभीर चोट के चलते बाद में कोहनी के पास से उसका हाथ काटना पड़ा। इसके अलावा उसके सिर पर 16 टांके भी लगाए गए हैं।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
युवती का आरोप है कि लोकल ट्रेन में सफर के दौरान एक सहयात्री उसे गलत तरीके से छू रहा था। उसने इसका विरोध किया और अपने बयान में इस हरकत को 'बैड टच' बताया। इस घटना ने मुंबई की लोकल ट्रेनों में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
युवती बोरीवली से विरार जाने वाली लोकल ट्रेन में सफर कर रही थी। उसकी शिकायत के मुताबिक, आरोपी लगातार उसे गलत तरीके से छूने की कोशिश कर रहा था। इससे नाराज होकर युवती ने अपनी चप्पल आरोपी की तरफ फेंक दी। इसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
मौके पर मौजूद दूसरे यात्रियों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए अपनी चप्पल युवती की ओर फेंक दी।
आरोपी ने युवती को ट्रेन से दिया धक्का
ट्रेन जब नायगांव स्टेशन पहुंची, तब भी दोनों के बीच बहस जारी थी। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने युवती को ट्रेन से धक्का दे दिया। वह दो डिब्बों के बीच की खाली जगह में जा गिरी।
युवती जब वापस प्लेटफॉर्म पर चढ़ने की कोशिश कर रही थी, तभी ट्रेन चल पड़ी। इस दौरान उसका बायां हाथ पहियों के नीचे आ गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गई। चोट इतनी गंभीर थी कि डॉक्टरों को कोहनी के पास से उसका हाथ काटना पड़ा।
एक पुलिस अधिकारी और वहां मौजूद अन्य यात्रियों ने युवती को प्लेटफॉर्म पर वापस चढ़ने में मदद की। इस बीच आरोपी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। हालांकि, कुछ घंटे बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.